Saran News: ब्रह्माकुमारीज द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान और मिशन स्पंदन के तहत गुरुवार को छपरा में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. यह अभियान ब्रह्माकुमारीज की पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि की 19वीं पुण्य स्मृति को समर्पित था. कार्यक्रम में नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देते हुए लोगों को स्वस्थ और सकारात्मक जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया.
देशभर में 30 हजार से अधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
स्थानीय सेवा केंद्र की मुख्य संचालिका ब्रह्मकुमारी अनामिका ने बताया कि संस्था की ओर से देशभर में अब तक करीब 30 हजार से अधिक नशामुक्ति जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं. इन अभियानों के माध्यम से लगभग चार करोड़ से अधिक लोगों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया गया है.
उन्होंने बताया कि तीन करोड़ से अधिक नागरिक राष्ट्रीय नशामुक्ति प्रतिज्ञा से जुड़ चुके हैं और स्वस्थ जीवन की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं.
10 करोड़ लोगों को नशामुक्ति से जोड़ने का लक्ष्य
ब्रह्मकुमारी अनामिका ने कहा कि 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का उद्देश्य केवल संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि देशभर में सकारात्मक बदलाव लाकर नशामुक्त और मूल्यनिष्ठ समाज का निर्माण करना है. उन्होंने कहा कि अभियान का लक्ष्य लोगों में जागरूकता बढ़ाकर नशे की प्रवृत्ति को जड़ से समाप्त करना है.
राजयोग मेडिटेशन से मिलती है नशे से दूर रहने की शक्ति
कार्यक्रम में बीके प्रियांशु ने मानसिक स्वास्थ्य और व्यसन मुक्ति पर अपने विचार साझा किए. उन्होंने कहा कि नशे की स्थायी रोकथाम केवल दवाइयों या बाहरी नियंत्रण से संभव नहीं है.
उन्होंने बताया कि तनाव, अकेलापन, निराशा, नकारात्मक सोच और जीवन में उद्देश्य की कमी लोगों को नशे की ओर धकेलती है. ऐसे में राजयोग मेडिटेशन आत्मबल, निर्णय क्षमता और भावनात्मक संतुलन को मजबूत बनाता है तथा व्यक्ति में सकारात्मक सोच और आत्मसम्मान विकसित करता है, जिससे वह नशे से दूर रहने की आंतरिक शक्ति प्राप्त करता है.
कार्यक्रम के अंत में दिलाई गई नशामुक्ति की शपथ
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी नागरिकों को नशामुक्त जीवन अपनाने और समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई. आयोजकों ने लोगों से अपने परिवार और समाज में भी नशामुक्ति का संदेश फैलाने की अपील की.
इसे भी पढ़ें: बिहार में इस उद्योग के लिए सरकार देगी 70 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी, एक क्लिक में होगा आवेदन
