नारायणी व गंगा अंबिका भवानी पथ को कैबिनेट की मिली मंजूरी

सारण जिले के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है.

छपरा. सारण जिले के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है. बाकरपुर, डुमरिया घाट पथ के साथ-साथ नारायणी पथ एवं गंगा अंबिका भवानी पथ को कैबिनेट से स्वीकृति मिलने के बाद पूरे जिले में उत्साह का माहौल है. इसे क्षेत्रीय विकास, कनेक्टिविटी और आर्थिक प्रगति के लिए अहम पहल माना जा रहा है. दरियापुर प्रखंड के बारवे पंचायत स्थित कोंहवा गांव में इस उपलब्धि को लेकर सांसद प्रतिनिधि सह भाजपा नेता राकेश सिंह का भव्य स्वागत किया गया. ग्रामीणों ने इस बड़ी योजना को कैबिनेट से मंजूरी मिलने पर सांसद राजीव प्रताप रूडी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया. लोगों ने कहा कि यह फैसला सारण के विकास को नयी पहचान देगा और आने वाले समय में जिले की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा. इस मौके पर भाजपा नेता राकेश सिंह ने कहा कि यह योजना केवल सड़कों के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे सारण जिले के समग्र विकास का आधार बनेगी. नारायणी पथ और गंगा अंबिका भवानी पथ के निर्माण से क्षेत्र के सैकड़ों गांवों को सीधा लाभ मिलेगा. इससे व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार विकास के प्रति प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में भी सारण को कई नयी सौगातें मिलेंगी. भाजपा नेता श्री सिंह ने यह भी विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूरे होने के बाद सारण जिले की कनेक्टिविटी राज्य के अन्य हिस्सों से और बेहतर होगी, जिससे क्षेत्र के लोगों का जीवन स्तर तेजी से सुधरेगा. इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष रामानंद सिंह, अध्यक्ष मोनू सिंह,विकास सिंह,पैक्स अध्यक्ष राजू सिंह, अर्जुन सिंह, वार्ड सदस्य मोनू मांझी, बिनोद राय, चुनमुन सिंह, अनुज सिंह, अरविंद पासवान, बुलबुल सिंह, आशा देवी, बैजंती देवी, माला देवी और गायत्री देवी आदि मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SHAH ABID HUSSAIN

SHAH ABID HUSSAIN is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >