पुराने टेंपो की नीलामी के नाम पर संचालक से 1.11 करोड़ की ठगी

सोनपुर थाना क्षेत्र के बाकरपुर में धोखाधड़ी और व्यावसायिक विश्वासघात का बड़ा मामला सामने आया है.

सोनपुर. सोनपुर थाना क्षेत्र के बाकरपुर में धोखाधड़ी और व्यावसायिक विश्वासघात का बड़ा मामला सामने आया है. एनएच 19 के समीप स्थित पुराना टेंपो खरीद-बिक्री करने वाली एजेंसी मारुति इंटरप्राइजेज के संचालक से जालसाजों ने खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताकर करीब एक करोड़ 11 लाख 80 हजार रुपये की ठगी कर ली. इस संबंध में एजेंसी संचालक प्रेम कुमार सिंह, पिता रमेश प्रसाद सिंह, निवासी गोविंद चक घेंघाटा ने सोनपुर थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी है. दर्ज शिकायत के अनुसार नवंबर 2024 में भेलदी निवासी दीपक कुमार उर्फ दीपक पांडे, राजनाथ पांडे, साहेब खान, निभा कुमारी, नंदन कुमार और खुद को बजाज फाइनेंस का एरिया मैनेजर बताने वाले अरविंद कुमार ने उनसे संपर्क किया. आरोपितों ने झांसा दिया कि वे बजाज फाइनेंस के उन ग्राहकों के टेंपो की नीलामी कराते हैं जो लोन चुकाने में असमर्थ रहते हैं. साथ ही एनओसी और स्वामित्व हस्तांतरण के वैध कागजात देने का भरोसा दिया. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच लिखित एग्रीमेंट हुआ और संचालक ने एडवांस के रूप में 9.35 लाख रुपये दिये. शिकायत के अनुसार नवंबर 2024 से अप्रैल 2026 के बीच आरोपितों ने एजेंसी को कुल 95 टेंपो उपलब्ध कराये, जिसके बदले में संचालक ने अलग-अलग किस्तों में यूपीआइ के माध्यम से 1.11 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया. मामला तब खुला जब बजाज फाइनेंस कंपनी ने उन टेंपो को जब्त करना शुरू कर दिया, जिन्हें मारुति इंटरप्राइजेज ने स्थानीय ग्राहकों को बेचा था. इसके बाद जब ग्राहक अपनी राशि वापस मांगने लगे तो संचालक ने आरोपितों से संपर्क किया, लेकिन सभी के मोबाइल बंद मिले. पटना स्थित बजाज फाइनेंस कार्यालय में जांच के दौरान पता चला कि आरोपी पूर्व कर्मचारी थे और अब कंपनी में कार्यरत नहीं हैं. साथ ही उनके द्वारा दिये गये एनओसी और दस्तावेज भी फर्जी पाये गये. थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जालसाजी और ठगी की धाराओं के तहत जांच शुरू कर दी है. पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shah abid hussain

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >