Saran News: वैनी स्कूथाना क्षेत्र के कैजिया बिष्णुपुर गांव स्थित मलंग स्थान के समीप सोमवार सुबह स्कूल जा रही 12वीं की एक छात्रा की बाइक सवार बदमाश ने गोली मारकर हत्या कर दी. हमलावर ने छात्रा के सीने के आसपास चार गोलियां दागीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है.
स्कूल जाते समय वारदात को दिया अंजाम
मृतका की पहचान वैनी थाना क्षेत्र के कैजिया बिष्णुपुर वार्ड-14 निवासी उमेश कुमार ठाकुर की 19 वर्षीय पुत्री सुमन कुमारी के रूप में हुई है. वह कस्तूरबा गांधी बालिका उच्च विद्यालय, वैनी में 12वीं कक्षा की छात्रा थी. सोमवार सुबह करीब 9:15 बजे वह पैदल स्कूल जा रही थी. इसी दौरान मलंग स्थान के पास बाइक सवार युवक ने उसे ओवरटेक कर रोका, बाल खींचा और सीने के पास चार गोलियां मार दीं. वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया.
छेड़खानी से परेशान करने का आरोप
परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, आरोपित युवक चंदौली गांव का रहने वाला है और वह पिछले कुछ दिनों से छात्रा को स्कूल आते-जाते परेशान करता था. आरोप है कि उसने छात्रा को जान से मारने की धमकी भी दी थी. छात्रा ने इसकी जानकारी परिवार को दी थी, लेकिन मामला पुलिस तक नहीं पहुंच सका.
घटनास्थल से मिले चार खोखे
घटना की सूचना मिलते ही वैनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखे बरामद किए. शव उठाने को लेकर ग्रामीणों ने विरोध किया, जिसके बाद अधिकारियों और स्थानीय लोगों के समझाने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.
सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
पोस्टमार्टम के लिए शव भेजे जाने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने वैनी थाना और आरोपित के गांव में हंगामा किया. साथ ही पूसा-ताजपुर मार्ग को थाना के सामने बांस-बल्ला लगाकर जाम कर प्रदर्शन किया. इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच नोकझोंक भी हुई.
एसपी पहुंचे, गिरफ्तारी का भरोसा
घटना की सूचना पर समस्तीपुर एसपी अरविंद प्रताप सिंह, एसडीपीओ सदर-1 संजय कुमार पांडेय, एफएसएल, डीआईयू और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. एसडीपीओ ने बताया कि आरोपित की पहचान कर ली गई है. प्राथमिकी दर्ज की जा रही है. जल्द ही उसकी गिरफ्तारी कर स्पीडी ट्रायल के माध्यम से सजा दिलाई जाएगी.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतका के पिता उमेश कुमार ठाकुर चंदौली दाहा चौक पर बाल-दाढ़ी बनाने की दुकान चलाते हैं. परिवार में मां संगीता देवी, दो छोटी बहनें सलोनी और सीमा तथा एक छोटा भाई सन्नी कुमार हैं. सुमन पांच बहनों और एक भाई में तीसरे स्थान पर थी. घटना के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है और वे बार-बार बेहोश हो जा रही हैं.
मेधावी छात्रा थी सुमन
कस्तूरबा गांधी बालिका उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक विमलेश कुमार झा ने बताया कि सुमन 12वीं कक्षा की मेधावी छात्रा थी और पढ़ाई में हमेशा अव्वल रहती थी. घटना के बाद विद्यालय में शोकसभा आयोजित कर छात्रा की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई तथा शोक स्वरूप विद्यालय में छुट्टी घोषित कर दी गई.
इसे भी पढ़ें: 3936 करोड़ की लागत से खगड़िया-पूर्णिया हाईवे बनेगा फोरलेन, सिर्फ 2 घंटे में पूरा होगा सफर
