सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल में सिवान बना चैंपियन, पश्चिम चंपारण उपविजेता

समस्तीपुर में आयोजित 65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन हो गया है. फाइनल मुकाबले में सिवान ने पश्चिम चंपारण को पेनल्टी शूटआउट में हराकर खिताब अपने नाम किया. डीएम ने विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया.

Samastipur News: खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं जिला प्रशासन, समस्तीपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता (बालिका अंडर-17)-2026 का सोमवार को पारितोषिक वितरण समारोह के साथ समापन हो गया. पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, पूर्व मध्य रेलवे के खेल मैदान में खेले गए फाइनल मुकाबले में सिवान ने पश्चिम चंपारण (बेतिया) को ट्राईब्रेकर में 3-2 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया.

निर्धारित समय तक नहीं हुआ कोई गोल

फाइनल मुकाबला शुरू से अंत तक रोमांचक रहा. निर्धारित 60 मिनट के खेल में दोनों टीमों ने कई आक्रामक प्रयास किए, लेकिन कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी. इसके बाद मुकाबले का फैसला ट्राईब्रेकर से हुआ, जिसमें सिवान की खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की. पश्चिम चंपारण की टीम को उपविजेता बनने से संतोष करना पड़ा.

विजेता खिलाड़ियों को डीएम ने किया सम्मानित

समापन समारोह में जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी, पदक और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया.

व्यक्तिगत पुरस्कारों में:

  • सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर: पिंकी कुमारी (सिवान)
  • सर्वश्रेष्ठ स्ट्राइकर: प्रीति कुमारी (पश्चिम चंपारण)
  • सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर: तन्नु कुमारी (पश्चिम चंपारण)

जिलाधिकारी ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट एवं निष्पक्ष भूमिका निभाने वाले तकनीकी पदाधिकारियों और निर्णायकों को भी स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया.

सफल आयोजन के लिए टीम को मिली सराहना

जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों, तकनीकी पदाधिकारियों और आयोजन में सहयोग देने वाले शिक्षकों को स्मृति-चिह्न प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की. उन्होंने कहा कि समस्तीपुर ने एक बार फिर अनुशासित और उत्कृष्ट आयोजन क्षमता का परिचय दिया है.

कार्यक्रम का संचालन शिक्षक सुभीत कुमार सिंह 'बिट्टू' ने किया. प्रतियोगिता के सफल संचालन में जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा के नेतृत्व में कई शिक्षकों और खेलकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Subhit kumar singh

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >