STF मुठभेड़ के बाद अमन गैंग पर पुलिस का शिकंजा, पूछताछ में लूट-डकैती के कई राज खुले

समस्तीपुर में एसटीएफ मुठभेड़ में घायल कुख्यात अपराधी अमन कुमार और उसके साथी लक्ष्मी कुमार से पूछताछ में पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं. दोनों ने कई लूट और डकैती की वारदातों में संलिप्तता स्वीकार करने का दावा किया है, जबकि पुलिस अब उनके फरार साथियों की तलाश में जुटी है.

Samastipur: स्थानीय पुलिस और बिहार एसटीएफ के साथ मुठभेड़ में घायल हुए कुख्यात अपराधी अमन कुमार और उसके साथी लक्ष्मी कुमार पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है. दोनों से अस्पताल में पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां मिली हैं. पुलिस अब उनके आपराधिक नेटवर्क, फरार साथियों और पूर्व मामलों की गहन जांच में जुट गई है.

अस्पताल में पूछताछ, कई वारदात कबूलने का दावा

शनिवार को सीमावर्ती मुजफ्फरपुर जिले के ईस्ट-2 डीएसपी मनोज कुमार सिंह और बरियारपुर थाना पुलिस ने समस्तीपुर सदर अस्पताल पहुंचकर पुलिस अभिरक्षा में दोनों आरोपितों से पूछताछ की. पुलिस सूत्रों के अनुसार पूछताछ में दोनों ने लूट और डकैती की कई घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है. इनमें कुछ ऐसे मामले भी शामिल हैं, जिनमें अब तक उनका नाम सामने नहीं आया था.

सूत्रों के मुताबिक दोनों बदमाशों ने अपने अन्य साथियों के नाम भी पुलिस को बताए हैं. मुठभेड़ के दौरान उनके दो साथी मौके से फरार हो गए थे, जिनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. हालांकि पुलिस ने जांच प्रभावित होने का हवाला देते हुए अधिक जानकारी साझा नहीं की है.

यह भी पढ़ें: समस्तीपुर जंक्शन से चोरी हुए 8 माह के बच्चे का खुलासा, 2 डॉक्टर समेत 5 गिरफ्तार

दोनों बदमाशों पर दर्ज हैं कई संगीन मामले

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अमन कुमार समस्तीपुर जिले के चकमेहसी थाना क्षेत्र के हजपुरवा बख्तियार गांव का निवासी है, जबकि उसका साथी लक्ष्मी कुमार मुजफ्फरपुर जिले के मुसहरी थाना क्षेत्र के बिदुलिया गांव का रहने वाला है.

अमन कुमार के खिलाफ समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट समेत 14 से अधिक मामले दर्ज हैं. वहीं लक्ष्मी कुमार पर लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट के आठ मामले दर्ज बताए गए हैं. पुलिस के अनुसार अमन हाल ही में हत्या के एक मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था और बाहर आने के बाद फिर से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय हो गया था.

यह भी पढ़ें: अवैध रिवॉल्वर और आठ कारतूस के साथ शातिर बदमाश गिरफ्तार

पुलिस पर की थी फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में हुआ घायल

पुलिस के मुताबिक अमन गिरोह सोना लूट की एक बड़ी वारदात की तैयारी में था. गुप्त सूचना मिलने पर एसपी अरविंद प्रताप सिंह के निर्देश पर एएसपी संजय पांडेय के नेतृत्व में बिहार एसटीएफ, ताजपुर, बंगरा थाना, वैशाली जिले की बलिगांव थाना पुलिस और डीआईयू की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की.

घेराबंदी के दौरान बदमाश नून नदी के रास्ते भागने लगे. पुलिस ने वैशाली जिले के नेवढ़न बहियार में उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर करीब पांच राउंड फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में अमन कुमार के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी लक्ष्मी कुमार भागने के दौरान गिरकर घायल हो गया. उसके पैर में फ्रैक्चर बताया गया है.

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो देसी पिस्तौल, पांच जिंदा कारतूस, एक खोखा, एक बाइक और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ankur kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >