समस्तीपुर: करंट से मां-बेटे की एक साथ मौत, मां को जगाने गया था मासूम

Samastipur News: समस्तीपुर के विद्यापतिनगर में स्टैंड फैन में उतरे करंट से महिला की मौत हो गई. मां को जगाने पहुंचे सात वर्षीय बेटे की भी करंट लगने से जान चली गई. इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक है. जानिए खबर विस्तार से...

Samastipur News: समस्तीपुर जिले के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के चतरा गांव में शनिवार अहले सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसे में मां और उसके मासूम बेटे की करंट लगने से मौत हो गई. बताया जाता है कि सोते समय स्टैंड फैन महिला के शरीर पर गिर गया, जिससे उसमें करंट प्रवाहित हो गया. महिला की मौके पर ही मौत हो गई. कुछ देर बाद मां को जगाने पहुंचे सात वर्षीय बेटे ने जैसे ही उन्हें छुआ, वह भी करंट की चपेट में आ गया और उसकी भी मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है.

स्टैंड फैन गिरने से हुआ हादसा

मृतका की पहचान चतरा गांव निवासी कन्हैया पासवान की 24 वर्षीय पत्नी रंगीला देवी के रूप में हुई है. जबकि मृत बच्चे की पहचान उनके सात वर्षीय पुत्र रतन कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, रंगीला देवी अपने दोनों बेटों के साथ स्टैंड फैन के पास सो रही थीं. रात में किसी समय फैन उनके शरीर पर गिर पड़ा और उसमें करंट प्रवाहित हो गया.

मां को जगाने की कोशिश में गई मासूम की जान

सुबह जब बड़ा बेटा रतन कुमार मां को गहरी नींद में समझकर जगाने पहुंचा और उनके शरीर को छुआ, तो वह भी करंट की चपेट में आ गया. वहीं छोटा बेटा अंश बिस्तर के नीचे बैठकर रोता रहा. उसकी रोने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग पहुंचे. इसके बाद बिजली का कनेक्शन काटकर दोनों को बाहर निकाला गया.

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी. एक साथ मां और बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जबकि गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >