Samastipur News: समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर प्रखंड में जीविका से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से जागरूक और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से वित्तीय साक्षरता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कल्याणपुर बस्ती पश्चिम पंचायत में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जीविका दीदियों ने हिस्सा लिया. प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को सुरक्षित निवेश, बैंकिंग व्यवहार और साइबर ठगी से बचाव के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई.
निवेश से पहले पूरी जानकारी जरूरी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रशिक्षक कुंदन कुमार ने कहा कि आजकल अधिक मुनाफे का लालच देकर लोगों को कई योजनाओं में फंसाया जाता है. उन्होंने महिलाओं को सलाह दी कि किसी भी योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी पूरी जानकारी जरूर लें. केवल बड़े लाभ के वादों के आधार पर निवेश करना नुकसानदायक साबित हो सकता है.
बैंकिंग धोखाधड़ी से सतर्क रहने की सलाह
प्रशिक्षण के दौरान लेखापाल अजय कुमार ने बैंकिंग और साइबर फ्रॉड से बचने के उपाय बताए. उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति, फोन कॉल, ईमेल या मैसेज पर भरोसा नहीं करना चाहिए. अपनी बैंकिंग जानकारी, ओटीपी या पासवर्ड किसी के साथ साझा करने से बचना चाहिए. उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी लोगों को बड़ी आर्थिक हानि से बचा सकती है.
हेल्पलाइन 1930 की दी जानकारी
महिलाओं को साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराने के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 की भी जानकारी दी गई. बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन ठगी होती है या संदिग्ध कॉल आती है तो तुरंत इस नंबर पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है.
आत्मनिर्भरता की दिशा में पहल
कार्यक्रम का उद्देश्य जीविका समूह की महिलाओं को वित्तीय रूप से सशक्त बनाना और उन्हें डिजिटल बैंकिंग के प्रति जागरूक करना था. प्रशिक्षण में शामिल महिलाओं ने इसे उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें अपनी मेहनत की कमाई को सुरक्षित रखने और सही वित्तीय निर्णय लेने में मदद मिलेगी.
