महंगाई-बेरोजगारी पर राजद का हल्लाबोल, दलसिंहसराय में सरकार के खिलाफ धरना

Samastipur News: समस्तीपुर के दलसिंहसराय प्रखंड मुख्यालय में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के खिलाफ राजद का राज्यव्यापी एकदिवसीय धरना. प्रोफेसर विजय यादव और जाबिर हुसैन के नेतृत्व में जुटे सैकड़ों कार्यकर्ता.जानिए खबर विस्तार से…

 समस्तीपुर से कुणाल गुप्ता की रिपोर्ट

Samastipur News: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के शीर्ष नेतृत्व के राज्यव्यापी आह्वान पर मंगलवार (09 जून 2026) को दलसिंहसराय प्रखंड मुख्यालय परिसर में केंद्र व राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एकदिवसीय धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया. इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने देश व प्रदेश में लगातार बढ़ रही रिकॉर्ड महंगाई, चरम पर पहुंची बेरोजगारी, प्रशासनिक भ्रष्टाचार, बदहाल शिक्षा व स्वास्थ्य व्यवस्था और सूबे की लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर जमकर निशाना साधा और विरोध दर्ज कराया.

डबल इंजन सरकार में हर मोर्चे पर विफल है: राजद नेता

राज्यव्यापी आंदोलन के तहत आयोजित इस धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि बिहार में आम जनता बढ़ती महंगाई के कारण त्रस्त है और रोजमर्रा की जरूरत की चीजें आम लोगों की पहुंच से दूर होती जा रही हैं. डिग्रियां लेकर सड़क पर घूम रहे युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं, जिससे प्रदेश में युवा पलायन कर रहे हैं. नेताओं ने आरोप लगाया कि बिना सुविधा शुल्क (रिश्वत) के प्रखंड से लेकर जिला मुख्यालय तक कोई भी जनहित का कार्य नहीं हो रहा है। इसके साथ ही, दलितों और कमजोर वर्गों के खिलाफ अपराध की घटनाओं में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है.

जारी रहेगा संघर्ष

एक दिवसीय धरने में दलसिंहसराय प्रखंड और आसपास के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ताओं, किसानों, युवाओं ने भाग लिया। उपस्थित लोगों ने नारे लगाते हुए सरकार से जनहित के इन बुनियादी मुद्दों पर गंभीरता से विचार करने तथा महंगाई-बेरोजगारी पर नियंत्रण के लिए तुरंत ठोस कदम उठाने की मांग की. राजद नेताओं ने दो टूक शब्दों में कहा कि जब तक जनता की इन ज्वलंत समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो जाता, तब तक सड़क से लेकर सदन तक पार्टी का यह लोकतांत्रिक संघर्ष अनवरत जारी रहेगा. उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक तरीके से जनता की आवाज को हर स्तर पर बुलंद करने का आह्वान किया.

जुटे राजद के सैकड़ों कार्यकर्ता

इस महत्वपूर्ण धरना कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से राजद के जिला प्रभारी प्रोफेसर विजय यादव, प्रखंड अध्यक्ष मोहम्मद जाबिर हुसैन, प्रधान महासचिव राज दीपक, नंद किशोर महतो, पुंजय कुमार, उमेश राम प्रकाश, मोहम्मद जमील अख्तर, मोहम्मद नैय्यर, मोहम्मद सोनू, राम प्रीत साह, मोहम्मद हैदर, संजय ठाकुर, शशि रंजन, अशोक सिंह, अरविंद राय, मोहम्मद जकारिया, बलवंत पासवान, सुनील सिंह और मोहम्मद गुलशेर सहित सैकड़ों सक्रिय राजद कार्यकर्ता मौजूद थे।

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >