19 से 23 सितंबर तक कैसा रहेगा मौसम? उत्तर बिहार को लेकर पूसा विश्वविद्यालय ने जारी किया पूर्वानुमान

उत्तर बिहार के लोगों को अगले पांच दिनों तक गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद कम है. मौसम विभाग के अनुसार, तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और सुबह आर्द्रता 90% तक रहेगी. कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों के लिए विशेष सलाह जारी की है.

North Bihar Weather: उत्तर बिहार में आगामी पांच दिनों के दौरान गर्मी और उमस से राहत मिलने की संभावना कम है. डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा की ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र और भारत मौसम विज्ञान विभाग के संयुक्त सहयोग से 19 से 23 सितंबर, 2026 तक का मध्यावधि मौसम पूर्वानुमान जारी किया गया है. इसके अनुसार इस अवधि में उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है.

36 डिग्री तक पहुंच सकता है दिन का तापमान

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 19 से 23 सितंबर के बीच उत्तर बिहार के अधिकांश हिस्सों में आसमान में हल्के बादल छाये रह सकते हैं. हालांकि, समग्र रूप से मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा. स्थानीय प्रभाव के कारण कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी या हल्की वर्षा हो सकती है.

पूर्वानुमान अवधि में दिन का अधिकतम तापमान 30 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. वहीं, रात का न्यूनतम तापमान 23 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.

सुबह 90% तक रहेगी आर्द्रता

मौसम विभाग के अनुसार, सुबह के समय हवा में सापेक्ष आर्द्रता 80 से 90 प्रतिशत तक रहने की संभावना है. दोपहर में यह घटकर करीब 55 से 60 प्रतिशत रह सकती है. आर्द्रता के इस स्तर के कारण दिन में उमस भरी गर्मी महसूस होने की संभावना है.

आगामी पांच दिनों में मुख्य रूप से पूर्वी एवं दक्षिण-पूर्वी दिशा से 8 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

किसानों को हल्की सिंचाई की सलाह

मौसम के शुष्क रहने और तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना को देखते हुए कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को आवश्यकतानुसार खेतों में हल्की सिंचाई की व्यवस्था रखने की सलाह दी है.

कृषि वैज्ञानिकों ने तैयार फसलों और सब्जियों में कीट नियंत्रण के लिए मौसम साफ रहने का आकलन करने के बाद ही दवाइयों का छिड़काव करने की सलाह दी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Girija nandan sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >