समस्तीपुर: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के अंतर्गत स्नातक प्रथम सेमेस्टर (सत्र 2026-30) में नामांकन और मेजर विषय से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) समस्तीपुर नगर इकाई ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. बलिराम भगत महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर आयोजित कार्यक्रम में आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय के कुलपति का पुतला दहन किया. प्रदर्शन की अगुवाई नगर सह मंत्री प्रिंस कुमार और अमृत झा ने संयुक्त रूप से की.
ऑन-स्पॉट नामांकन प्रक्रिया पर उठे सवाल
विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा तृतीय चरण के नामांकन के बाद रिक्त सीटों पर ऑनलाइन ऑन-स्पॉट नामांकन की प्रक्रिया शुरू की गयी है. अभाविप का आरोप है कि इस व्यवस्था के कारण कई विद्यार्थियों को उनके इच्छित मेजर विषय में सीट नहीं मिल पा रही है. इससे कई विद्यार्थी नामांकन से वंचित हो रहे हैं.
अभाविप ने कहा कि दूसरी ओर विश्वविद्यालय के कई महाविद्यालयों में अन्य विषयों की सीटें अभी भी रिक्त हैं. संगठन ने खाली सीटों का उपयोग करते हुए विद्यार्थियों को नामांकन का अवसर देने की मांग की.
मेजर विषय बदलने की मांग
प्रदर्शन के दौरान अभाविप के प्रांत सहमंत्री अनुपम कुमार झा ने विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि लचर और अव्यवस्थित नामांकन प्रक्रिया की वजह से विद्यार्थियों का भविष्य अधर में लटक गया है.
उन्होंने छात्रहित को सर्वोपरि रखते हुए विद्यार्थियों को मेजर विषय बदलने की अनुमति देने की मांग की. साथ ही जिन विषयों में सीटें खाली हैं, वहां नए सिरे से आवेदन स्वीकार करने की मांग की गयी.
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस दिशा में जल्द सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया तो अभाविप आंदोलन को और अधिक तीव्र करेगा.
खाली सीटों पर नए आवेदन लेने की मांग
इस अवसर पर सेवार्थ विद्यार्थी जिला संयोजक शुभम कुमार और स्टूडोमेट्रिक्स संयोजक प्रणव कुमार ने भी कहा कि छात्र समुदाय के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी.
उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की कि जिन विषयों में पूर्व में आवेदन करने वाले विद्यार्थियों की संख्या उपलब्ध सीटों से कम है, वहां तत्काल नए आवेदन लेकर नामांकन का मार्ग प्रशस्त किया जाये.
पुतला दहन कार्यक्रम में अमृत झा, गुड्डू कुमार, मणिकांत कुमार, सचिन, प्रणव कश्यप, खुशी प्रवीण, अनुपम कुमारी, आराधना, दिव्या, पीयूष, आदित्य सिंह, रमेश कुमार, सौम्या कुमारी, रवि रौशन, शिवम कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे.
यह भी पढ़ें
शिवाजीनगर में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने महिला को कुचला, मौके पर मौत
