Samastipur News: समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलारी गांव में उजियारपुर-समस्तीपुर मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. यहां दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में दोनों गाड़ियों पर सवार कुल चार युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उजियारपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर रेफर कर दिया.
जीजा को देखने जा रहे थे दो भाई
घटना के संबंध में बताया गया है कि सरायरंजन थाना क्षेत्र के गंगासारा गांव निवासी योगेंद्र राम के पुत्र सुजीत कुमार और उनका भाई सुनील कुमार एक सड़क दुर्घटना में घायल अपने जीजा को देखने छतौना गांव जा रहे थे. जैसे ही दोनों भाई बेलारी गांव स्थित दुर्गा स्थान के समीप पहुंचे, तभी समस्तीपुर की ओर से काफी तेज गति में आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई.
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
दूसरी बाइक पर विभूतिपुर थाना क्षेत्र के चकहबी निवासी अयोध्या साह का पुत्र दिलीप साह और महनार थाना क्षेत्र निवासी संतोष कुमार यादव का पुत्र गोलू कुमार यादव सवार थे. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि टक्कर के बाद दोनों मोटरसाइकिलें काफी दूर तक घिसटती चली गईं और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं. इस हादसे में चारों युवक सड़क पर गिरकर जख्मी हो गए, जिनमें सुजीत कुमार की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है.
पुलिस ने जब्त की दोनों क्षतिग्रस्त बाइक
सड़क दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और एम्बुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया. घटना की सूचना मिलते ही उजियारपुर थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को जब्त कर लिया है और आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.
