Flood Alert: सहरसा. कोसी नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जल संसाधन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है. बाढ़ नियंत्रण एवं जलनिस्सरण विभाग, वीरपुर (सुपौल) के मुख्य अभियंता संजीव शैलेश ने गुरुवार को सलखुआ प्रखंड अंतर्गत पूर्वी कोसी तटबंध का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और फ्लड फाइटिंग तैयारियों की समीक्षा की. उनके दौरे के बाद विभागीय अधिकारियों की सक्रियता और बढ़ गई है.
स्पर संख्या 116/70 और 117/15 का किया निरीक्षण
मुख्य अभियंता ने पूर्वी कोसी तटबंध के स्पर संख्या 116/70 एवं 117/15 का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने नदी के बढ़ते दबाव, संभावित कटाव तथा फ्लड फाइटिंग व्यवस्था का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान कार्यपालक अभियंता सुमन कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
Flood Alert: निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता ने स्पष्ट निर्देश दिया कि तटबंधों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने अधिकारियों को हर स्थिति के लिए तैयार रहने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने को कहा.
24 घंटे निगरानी रखने का निर्देश
मुख्य अभियंता ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोसी नदी के जलस्तर पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाए. जहां भी कटाव या तटबंध को नुकसान की आशंका हो, वहां तत्काल फ्लड फाइटिंग कार्य शुरू किया जाए ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके.
फ्लड फाइटिंग सामग्री पर्याप्त रखने के निर्देश
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि संवेदनशील स्थलों पर फ्लड फाइटिंग सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए. साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संसाधनों और मानवबल को तैयार रखा जाए.
