मृत राजेश चौधरी रायपुरा के रसूलाबाद का था रहने वाला
रंगिनियां टोला में है युवक का ससुराल
ट्रेन के आगे युवक ने लगा दी थी छलांग
रेल पुलिस को दी सूचना
सिमरी : पूर्व मध्य रेलवे अंतर्गत सहरसा-मानसी रेलखंड के सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन के रानीबाग आउटर सिग्नल के समीप गुरुवार दोपहर हाटे बजारे एक्सप्रेस ट्रेन से कट कर एक युवक की मौत हो गई. युवक की पहचान रायपुरा पंचायत के रसूलाबाद टोला निवासी स्व बद्री चौधरी के पुत्र राजेश चौधरी के रूप में हुई है. घटना के संबंध में कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ढाई बजे दिन के करीब सहरसा से सियालदह जाने वाली 13164 हाटे बजारे एक्सप्रेस ट्रेन जब मियांचक ढाला के समीप आ रही थी तो वह युवक ट्रैक के समीप घुमता नजर आया और जैसे ही ट्रेन आयी युवक ने छलांग लगा दी.
युवक सहरसा में एक निजी होटल में काम करता था. उक्त युवक का ससुराल नगर पंचायत के वार्ड नं 13 रंगिनियां टोला निवासी सुरेश चौधरी के यहां है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राजेश सहरसा जाने के बारे में कह घर से निकला था. घटना के बाद उसके ससुराल में कोहराम मच गया है. घटना की सूचना रेल पुलिस को दे दी गयी है.
