सूर्य की तपिश से पंखे व कूलर भी तोड़ रहे दम, लोग बेहाल
जिले में लगातार जारी अत्यधिक गर्मी से आगामी 26 अप्रैल तक किसी प्रकार के राहत की संभावना नहीं है. बैसाख महीने में जेठ की तपती धूप ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है.
बढ़ती गर्मी से 28 तक राहत नहीं, पारा 39 के पार
अगले चार दिनों तेज धूप की संभावना
सहरसा. जिले में लगातार जारी अत्यधिक गर्मी से आगामी 26 अप्रैल तक किसी प्रकार के राहत की संभावना नहीं है. बैसाख महीने में जेठ की तपती धूप ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है. वहीं आम लोगों का घरों से निकलना कठिन हो रहा है. अहले सुबह से ही गर्मी अपने परवान पर रहती है. जैसे-जैसे समय आगे बढ़ता है, गर्मी तेज होती जाती है, पंखे व कूलर भी बेअसर साबित हो रहे हैं, जबकि मई व जून महीना अभी दूर है. अब पूरे अप्रैल महीने मौसम का मिजाज गर्म रहने की संभावना है. मौसम विभाग के जारी बुलेटिन में अगले चार दिनों तक गर्मी बढ़ने की संभावना जतायी गयी है, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी जीने वाले गरीब भी इस बढ़ती गर्मी से खासे परेशान हैं. मौसम के मिजाज को देखते हुए लोग गर्मी से भयभीत हो रहे हैं. तापमान के 40 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना व्यक्त की गयी है. बढ़ती गर्मी को देख लोग किसी ना किसी छांव की आस में पेड़ के नीचे समय गवां रहे हैं. घरों में भी पंखे की हवा गर्मी से राहत दिलाने में असफल हो रही है. लोगों के साथ-साथ पालतू जानवर भी परेशान हो रहे हैं.
तापमान में रोज हो रही बढ़ोतरी
अप्रैल महीने की शुरुआत में ही मौसम में बदलाव आने लगा. प्रतिदिन तापमान में बढ़ोतरी होती रही. जिससे 39.3 डिग्री सेल्सियस तक तापमान रिकॉर्ड किया जा चुका है, जबकि आगे गर्मी की संभावना से ही लोग परेशान हो उठे हैं. बुधवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. गर्मी के कारण राह चलना काफी कठिन हो गया है, जबकि पूरा मई, जून व जुलाई बाकी है. मौसम विज्ञान केंद्र भी अभी राहत मिलने की संभावना नहीं जता रहा है. अगवानपुर कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक जितेंद्र कुमार ने बताया कि मंगलवार को पारा 39.3 डिग्री रहा. अमूमन अप्रैल महीने में इतनी गर्मी नहीं पड़ती है. उन्होंने बताया कि अगले 26 अप्रैल तक तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी. अगले चार दिन तक गर्म हवा के साथ लू चलने की संभावना है. साथ ही 10 से 15 किलोमीटर की रफ्तार से पछिया हवा बहने की संभावना है.
बढ़ गयी है ह्यूमिडिटी, लोगों को कर रही बेचैन
तापमान बढ़ने से ह्यूमिडिटी काफी बढ़ गयी है, जो लोगों को बेचैन कर रही है. जानकारी देते हुए अगवानपुर कृषि महाविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक जितेंद्र कुमार ने बताया कि ह्यूमिडिटी के बढ़ने एवं पछिया हवा से गर्मी लोगों को ज्यादा सता रहा है. उन्होंने बताया कि 36 से लेकर लगभग 39 डिग्री सेल्सियस तक मौसम गर्म रहा. जो अगले 26 अप्रैल तक बढ़ने की संभावना है. उन्होंने बताया कि कोसी क्षेत्र में 10 से लेकर 15 जून तक मॉनसून एंट्री होने की संभावना है. इस बीच क्षेत्र में कहीं-कहीं बादल छाये रहेंगे एवं कुछ जगहों पर बारिश भी हो सकती है. उन्होंने कहा कि अगले चार दिनों तक तापमान बढ़ने की संभावना है. उन्होंने आम लोगों से लू से बचने के लिए ठंढे जगहों का सहरा लेने, आवश्यक होने पर ही घरों से निकलने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि धूप में निकलने की स्थिति में गमछा, टोपी या कपड़े के टुकड़े से सिर ढंकने, समय समय पर स्वच्छ पानी पीयें. उन्होंने किसानों से भी सुबह एवं शाम में कृषि कार्य करने की सलाह दी.