40 लाख से अधिक की लागत से बन रहा विद्यालय भवन
नवहट्टा. प्रखंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय चम्पापुर परिसर में लगभग 40 लाख रुपये की लागत से विद्यालय भवन का निर्माण कराया जा रहा है. निर्माण कार्य में संवेदक और विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से दो एवं तीन नंबर ईंट तथा घटिया सामग्री के उपयोग का आरोप लगाया गया है. स्थानीय निवासी अशोक यादव ने जिलाधिकारी एवं प्रमंडलीय आयुक्त को आवेदन देकर निर्माण कार्य की जांच कराते हुए गुणवत्तापूर्ण भवन निर्माण कराने की मांग की है. उन्होंने आरोप लगाया कि भवन निर्माण में मानकों की अनदेखी की जा रही है. विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक चंदन कुमार ने बताया कि संवेदक मनमाने ढंग से जंग लगा हुआ सरिया और कम गुणवत्ता वाली सीमेंट का उपयोग कर रहा है. साथ ही केआरटी चिमनी की दो एवं तीन नंबर ईंट लगाई जा रही है. उन्होंने कहा कि कई बार विभागीय एसडीओ एवं जेई से शिकायत की गयी, लेकिन अधिकारियों की मिलीभगत के कारण कार्य में कोई सुधार नहीं हुआ. स्थानीय लोगों और शिक्षकों में भय है कि घटिया निर्माण के कारण भवन जल्द ही क्षतिग्रस्त हो सकता है, जिससे बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है. इसी प्रकार प्रखंड क्षेत्र के कैदली पंचायत स्थित नव प्राथमिक विद्यालय छतवन में भी बिना योजना बोर्ड लगाए तथा बिना विभागीय देखरेख के निम्न स्तर की सामग्री से निर्माण कार्य कराया जा रहा है. यहां मजदूरों और पेटी कॉन्ट्रैक्टर के माध्यम से मनमाने तरीके से कार्य कराया जा रहा है.
दोनों भवनों का निर्माण स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन, कार्य प्रमंडल सहरसा द्वारा कराया जा रहा है, जहां बड़े पैमाने पर सामग्री में मिलावट कर निम्न स्तर का निर्माण किए जाने का आरोप है, जो प्रशासनिक निर्देशों के विरुद्ध है. विभागीय जेई विवेक कुमार ने बताया कि चंपापुर विद्यालय का निर्माण उनकी देखरेख में हो रहा है और काम लगभग ठीक है. उन्होंने कहा कि लोग शिकायत करते रहते हैं. वहीं छतवन विद्यालय उनके कार्यक्षेत्र से बाहर बताया.