Purnia News: पूर्णिया के गुलाबबाग में रक्तदान को लेकर तेरापंथ युवक परिषद ने तैयारी तेज कर दी है. अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के निर्देशन में 17 से 23 सितंबर तक ‘रक्तदान कर्त्तव्यम’ अभियान चलाया जाएगा. अभियान के तहत रक्तदान और रक्त संग्रह का बड़ा लक्ष्य रखा गया है. कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर परिषद के सदस्यों ने गुरुवार को जीएमसीएच के अधीक्षक डॉ. संजय कुमार से मुलाकात की और रक्तदान शिविर के लिए आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया.
जीएमसीएच अधीक्षक ने दिया सहयोग का भरोसा
तेरापंथ युवक परिषद के शिष्टमंडल ने अधीक्षक से रक्त संग्रह के दौरान जरूरी मेडिकल व्यवस्था, सुविधाओं और अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की मांग की. डॉ. संजय कुमार ने अभियान की सराहना करते हुए परिषद को आवश्यक सहयोग का भरोसा दिया. उन्होंने संबंधित अधीनस्थ कर्मियों को इसके लिए जरूरी निर्देश भी दिये.
अधीक्षक ने कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति की सहमति भी प्रदान की. परिषद का कहना है कि बेहतर चिकित्सा व्यवस्था के साथ रक्तदान अभियान को अधिक प्रभावी तरीके से संचालित किया जाएगा.
28 वर्षों से राष्ट्रीय स्तर पर चला रहा रक्तदान अभियान
तेरापंथ युवक परिषद पिछले 28 वर्षों से राष्ट्रीय स्तर पर रक्तदान कार्यक्रम आयोजित करता आ रहा है. बिहार में भी परिषद लंबे समय से रक्तदान के क्षेत्र में सक्रिय है. वर्ष 2014 में गुलाबबाग में आयोजित अभियान में 416 यूनिट रक्त संग्रह किया गया था, जिसे परिषद ने बिहार में अपने स्तर पर रिकॉर्ड बताया था.
इस बार भी परिषद के सदस्य अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान अभियान से जोड़ने की तैयारी में जुटे हैं. चार सितंबर को बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने पोस्टर का विमोचन कर अभियान की तैयारियों की शुरुआत की थी.
Purnia News: समाज के सभी वर्गों से रक्तदान की अपील
तेरापंथ युवक परिषद के सदस्यों ने रक्तदान को सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए समाज के सभी वर्गों से 17 सितंबर को आयोजित कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने और रक्तदान करने की अपील की है. परिषद का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता बढ़ाने के साथ लोगों में नियमित रक्तदान के प्रति जागरूकता पैदा करना भी है.
शिष्टमंडल में परिषद के अध्यक्ष मोहित संचेती, मंत्री रवि बोथरा, भरत दुग्गड़, प्रवीण नोलखा, दिव्यांश चोररिया, सुशांत पुगालिया, संजय बोथरा, अंकित दुग्गड़ समेत कुल 10 सदस्य शामिल थे.
Also Read: नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड का बदलेगा नाम? JDU के सांसद और मंत्री के बयान से चर्चा तेज
Also Read: प्रशांत किशोर बोले- हां हूं मैं बेचारा, CM सम्राट चौधरी के इस बयान का PK ने दिया रिप्लाई
