मनेर नगर परिषद क्षेत्र के महिनावा गांव स्थित बांध के समीप एक खेत से मंगलवार को पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में 35 वर्षीय युवक का शव बरामद किया. शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. ग्रामीणों की सूचना पर मनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.
सुबह काम पर निकला था विकास कुमार
मृतक की पहचान महिनावा बाजार निवासी प्रेमनाथ साह के पुत्र विकास कुमार के रूप में हुई है, जो पेशे से राजमिस्त्री था. परिजनों के अनुसार, विकास मंगलवार सुबह काम पर जाने के लिए घर से निकला था. देर शाम सूचना मिली कि उसका शव गांव के बाहर बांध के नीचे स्थित खेत में पड़ा है.
शरीर पर जले के निशान, हत्या की आशंका
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव के कई हिस्सों पर जले जैसे निशान देखे. परिजनों का आरोप है कि विकास कुमार की हत्या करने के बाद उसके शरीर पर एसिड या किसी अन्य रासायनिक पदार्थ से जलाने का प्रयास किया गया है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.
आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
घटना से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने दानापुर–मनेर स्टेट हाईवे जाम कर विरोध प्रदर्शन किया. लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. सड़क जाम के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
