एमडीएम की दाल में निकला कीड़ा, बच्चों ने फेंका खाना; उस्मानचक मध्य विद्यालय में अभिभावकों का हंगामा

मसौढ़ी प्रखंड के उस्मानचक मध्य विद्यालय में मध्यान्ह भोजन की दाल में कीड़ा मिलने से हड़कंप मच गया. बच्चों ने खाना खाने से इनकार कर दिया और भोजन फेंक दिया. स्कूल प्रबंधन के खिलाफ अभिभावकों ने मोर्चा खोल दिया है.

Patna News : मसौढ़ी प्रखंड के मध्य विद्यालय, उस्मानचक में गुरुवार को मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) की दाल में कीड़ा निकलने से हंगामा हो गया. भोजन वितरण के दौरान एक छात्र की थाली में कीड़ा दिखाई देने के बाद बच्चों ने खाना खाने से इनकार कर दिया और भोजन फेंक दिया. सूचना मिलते ही अभिभावक विद्यालय पहुंचे और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए बच्चों की सेहत से खिलवाड़ का आरोप लगाया.

पहले भी मिल चुकी हैं शिकायतें

अभिभावकों ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले भी भोजन में कीड़ा और कांच मिलने की शिकायतें सामने आ चुकी हैं. उन्होंने एमडीएम की गुणवत्ता की नियमित जांच कराने और बच्चों को स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की मांग की.

एनजीओ की आपूर्ति पर उठे सवाल

प्रधानाध्यापक धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि विद्यालय में भोजन एनजीओ द्वारा संचालित केंद्रीय रसोईघर से आता है. उन्होंने कहा कि 24 और 29 जुलाई को भी भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिकायत मिली थी. भोजन की गुणवत्ता और स्वाद खराब होने के कारण कई बच्चे दोपहर में घर जाकर खाना खाते हैं, जिससे विद्यालय की उपस्थिति भी प्रभावित हो रही है. उन्होंने चेतावनी दी कि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.

जांच के बाद होगी कार्रवाई

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी श्रीकुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है. जांच रिपोर्ट जिला शिक्षा कार्यालय को भेजी जाएगी और दोषी एनजीओ के विरुद्ध कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी. उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र के विद्यालयों में एनजीओ के माध्यम से भोजन आपूर्ति शुरू होने के बाद लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही हैं. पिछले सप्ताह भी एक विद्यालय में भोजन में कीड़ा मिलने का मामला सामने आया था. उन्होंने बताया कि विद्यालय से औपचारिक रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Also Read : आज से काम पर लौटे EO, 31 अगस्त तक मांगें पूरी नहीं होने पर फिर आंदोलन की चेतावनी

पटना एयरपोर्ट पर नया नियम लागू, निजी गाड़ियों को पिक एंड ड्रॉप के लिए मिलेंगे 9 मिनट, ज्यादा रुके तो कटेगा चालान


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ajay kumar masaurhi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >