Patna Murder Mystery : पटना के फूलवारी शरीफ स्थित न्यू मिल्लत कॉलोनी सेक्टर-2 (टमटम पड़ाव, मिल्ली मस्जिद के पास) से एक 27 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई.
शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान, ओवरडोज की आशंका
घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय निवासियों के मुताबिक मृतक के शरीर पर किसी भी प्रकार के चोट या जख्म के निशान नहीं पाए गए हैं. लोगों ने अंदेशा जताया है कि अत्यधिक नशीले पदार्थ के सेवन (ओवरडोज) के कारण युवक की जान गई होगी. हालांकि, मौत के असली कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही संभव हो सकेगी.
इलाके में जमती है नशाखोरों की महफिल
स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी कि इस क्षेत्र में अक्सर असामाजिक तत्वों और नशाखोरों का जमावड़ा लगा रहता है. युवक दिन-रात यहां बैठकर गांजा, शराब और अन्य नशीली वस्तुओं का सेवन करते हैं, जिससे आसपास के रहवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है.
एम्स भेजा गया शव, पहचान में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पटना एम्स भेज दिया है. थाना अध्यक्ष मोहम्मद शाहबाज आलम ने बताया कि मृतक की शिनाख्त कराने की कोशिश की जा रही है और पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.
Also Read : भोजपुरी बवाल के मंच पर तेज प्रताप के साथ पहुंचे लालू यादव बोले- मन खुश हो गया
