Patna News : मसौढ़ी में समाज कल्याण विभाग की मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने बुधवार को मसौढ़ी के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों और बुनियाद केंद्र का औचक निरीक्षण कर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार और लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए.
आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं की जांच
मंत्री ने नूरा, हांसाडीह मुसहरी, तुलसीचक, तारेगना, थाना रोड और बैरागीबाग स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया. इस दौरान बच्चों की उपस्थिति, गर्म भोजन, टेक होम राशन, वजन-माप, टीकाकरण रिकॉर्ड, स्वच्छता तथा पोषण सेवाओं की समीक्षा की.
हांसाडीह में महिलाओं ने की शिकायत
हांसाडीह मुसहरी में निरीक्षण के दौरान ग्रामीण महिलाओं ने मंत्री से मिलकर आंगनबाड़ी केंद्र में व्याप्त अनियमितताओं और गड़बड़ियों की शिकायत की. मंत्री ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पहुंचना चाहिए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
बुनियाद केंद्र में लाभार्थियों से लिया फीडबैक
इसके बाद मंत्री ने मसौढ़ी स्थित बुनियाद केंद्र का भी औचक निरीक्षण किया. उन्होंने उपस्थिति पंजी, अभिलेखों और केंद्र की कार्यप्रणाली की जांच की तथा वृद्धजनों, विधवाओं और दिव्यांगजनों से सीधे बातचीत कर उन्हें मिल रही सेवाओं की जानकारी ली. लाभार्थियों ने केंद्र की सेवाओं पर संतोष जताते हुए समय पर सहयोग मिलने की बात कही.
बेहतर सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
निरीक्षण के बाद मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने कहा कि सशक्त आंगनबाड़ी और प्रभावी बुनियाद केंद्र समाज के कमजोर वर्गों के बेहतर भविष्य की आधारशिला हैं. उन्होंने अधिकारियों को पेयजल, शौचालय, बैठने की समुचित व्यवस्था, नियमित मॉनिटरिंग तथा गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों को सम्मानपूर्वक और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
निरीक्षण के दौरान डीपीआरओ, सीडीपीओ, जदयू प्रखंड अध्यक्ष प्रमोद कुमार, अश्वनी कुमार गोल्डी, लाल मोहन सिंह, रंजीत कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
