Patna News : मसौढ़ी में स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने को लेकर बुधवार को अनुमंडल कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) धनराज कुमार ने की. इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया.
तैयारियों की हुई विस्तृत समीक्षा
बैठक में समारोह स्थल की तैयारियों के अलावा शहर की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल, निर्बाध बिजली आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अग्निशमन व्यवस्था की बिंदुवार समीक्षा की गई. अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए.
15 अगस्त से पहले सभी कार्य पूरे करने का निर्देश
एसडीओ धनराज कुमार ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि स्वतंत्रता दिवस से पूर्व सभी तैयारियां हर हाल में पूरी कर ली जाएं, ताकि समारोह के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो. उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करे.
राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने की अपील
बैठक में एसडीओ ने सभी सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और अन्य प्रतिष्ठानों से राष्ट्रीय ध्वज को नियमों के अनुरूप और गरिमापूर्ण ढंग से फहराने की अपील की. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव का पर्व है, इसलिए सभी तैयारियां पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ की जानी चाहिए. बैठक में एसडीपीओ राघव दयाल सहित अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.
