Patna News : दानापुर में नासरीगंज बिस्कुट फैक्टरी रोड पर अतिक्रमण के कारण रुके आरसीसी नाला और सड़क निर्माण कार्य को लेकर गुरुवार को एसडीओ सह नगर परिषद प्रशासक अनिरुद्ध पाण्डेय ने स्थल का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने अतिक्रमण को निर्माण कार्य में बड़ी बाधा बताते हुए अंचलाधिकारी (सीओ) को तत्काल अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया.
अतिक्रमण से रुका है नाला निर्माण
निरीक्षण में पाया गया कि बुडको द्वारा कराया जा रहा आरसीसी नाला निर्माण सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण के कारण अधूरा पड़ा है. एसडीओ ने कहा कि पहले अतिक्रमण हटाकर नाला निर्माण पूरा कराया जाएगा, ताकि जल निकासी की समस्या दूर हो सके. इसके बाद सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा.
वार्ड-18 में भी किया निरीक्षण
एसडीओ ने नगर परिषद के वार्ड संख्या-18 में जल निकासी से जुड़ी समस्याओं का भी निरीक्षण किया. उन्होंने पाया कि नाला निर्माण में भूमि विवाद और अतिक्रमण के कारण बाधा उत्पन्न हो रही है.
अमीन को भूमि मापी कर रिपोर्ट देने का निर्देश
अनिरुद्ध पाण्डेय ने अमीन को संबंधित भूमि की मापी कर जल्द रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया, ताकि आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई कर निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को दूर किया जा सके.
विकास योजनाओं की भी ली जानकारी
एसडीओ ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं और जलजमाव की समस्याओं की भी समीक्षा की गई है. संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके. निरीक्षण के दौरान नगर प्रबंधक अमरेंद्र कुमार, सफाई निरीक्षक संजय कुमार सहित अन्य कर्मी मौजूद थे.
