मनेर में स्कूली बच्चों से भरी वैन गड्ढे में पलटने से बची, चालक की सूझबूझ से सभी बच्चे सुरक्षित बाहर निकाले गए

मनेर में एक निजी स्कूल की वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलटने से बाल-बाल बच गई. चालक की सूझबूझ और स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. सड़क पर बने गड्ढों की मरम्मत की मांग उठी है.

Patna School van accident: पटना जिले के मनेर नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत बरैया टोला-आजाद नगर मोहल्ले के समीप मोहनपुर मार्ग पर मंगलवार को स्कूली बच्चों से भरी एक निजी स्कूल की वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलटने से बाल-बाल बच गई. चालक की सूझबूझ और स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

जानकारी के अनुसार, स्कूल की छुट्टी के बाद निजी स्कूल की वैन बच्चों को उनके घर पहुंचाने के लिए मोहनपुर मार्ग से होकर आजाद नगर और बरैया टोला की ओर जा रही थी. इसी दौरान सड़क किनारे बने पानी से भरे गड्ढे में वैन का एक चक्का उतर गया, जिससे वाहन पलटने की स्थिति में पहुंच गया.

स्थानीय लोगों ने सुरक्षित निकाले बच्चे

घटना को देखकर आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और चालक के साथ मिलकर वैन में सवार सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी बच्चे को चोट नहीं आई. स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि वैन पूरी तरह पलट जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था. गड्ढे में पानी भरा होने के कारण स्थिति और गंभीर हो सकती थी.

बड़ा हादसा टलने से लोगों ने ली राहत की सांस

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए वाहन को संभालने का प्रयास किया, जिससे वैन पूरी तरह पलटने से बच गई. स्थानीय लोगों के सहयोग से बच्चों को तत्काल वाहन से बाहर निकाल लिया गया.

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई. बच्चों के सुरक्षित होने की जानकारी मिलने के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली. स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे बने गड्ढों की मरम्मत कराने की मांग करते हुए कहा कि बरसात के मौसम में पानी भर जाने से ऐसे गड्ढे दिखाई नहीं देते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है. प्रशासन को इस दिशा में शीघ्र कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Suaib khan maner

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >