Patna Crime News : पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के रामूबीघा गांव में बुधवार शाम जमीनी विवाद को लेकर बिहार पुलिस से हाल ही में सेवानिवृत्त हुए एएसआई अजय सिंह पर जानलेवा हमला कर दिया गया. हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए. आरोप है कि उन पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला किया गया.
खेत की जुताई कराने गए थे, तभी हुआ हमला
घायल अजय सिंह ने बताया कि बुधवार शाम वह अपनी जमीन पर जुताई कराने गए थे. इसी दौरान उनके चाचा के बेटों ने वहां पहुंचकर जमीन को अपनी बताते हुए वहां से चले जाने की धमकी दी. विरोध करने पर आरोपितों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
चार कट्ठा जमीन पर कब्जे का आरोप
अजय सिंह का आरोप है कि उनकी करीब चार कट्ठा जमीन पर पिछले कई वर्षों से आरोपितों ने अवैध कब्जा कर रखा है. उन्होंने बताया कि 31 जुलाई को ही वह पटना जिले में पदस्थापित रहते हुए बिहार पुलिस में एएसआई के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं. उनके चारों भाई सरकारी सेवा में हैं और अधिकतर समय बाहर रहते हैं, जिसका फायदा उठाकर आरोपितों ने जमीन पर कब्जा कर लिया.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद परिजनों ने घायल अजय सिंह को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया और मामले की सूचना बिहटा थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. अजय सिंह ने बिहटा थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
