Patna Weather Update : बिहार की राजधानी पटना सहित प्रदेश के अधिकत्तम जिलों में शनिवार की सुबह से ही तीखी धूप और उमस की स्थिति बनी हुई है. तेज धूप ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है. मौसम विभाग की मानें तो आज पटना का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है. अधिक नमी के कारण तापमान 44 डिग्री सेल्सियस महसूस किया जा सकता है.
Patna Weather Update: अचानक बदल सकता है मौसम का मिजाज
मौसम विभाग ने पटना में देर शाम या रात में गरज-चमक, तेज हवा और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है, जिससे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है. पटना और आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इस दौरान पूर्वी दिशा से करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है.
पटना की खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें
Patna Rain Alert: अगले 24 से 48 घंटे अहम
IMD के अनुसार, अगले 24 से 48 घंटों में मानसून ट्रफ की स्थिति में बदलाव हो सकता है. इसके प्रभाव से पटना समेत उत्तर बिहार के कई जिलों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है. यदि यह पूर्वानुमान सही रहा तो लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकती है. फिलहाल गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है.
Patna News: किसानों के लिए राहत भरी खबर
मानसून की सक्रियता से बिहार के दलहन उत्पादक क्षेत्रों, खासकर मोकामा टाल, नालंदा और आसपास के इलाकों के किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है. कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि जुलाई की शुरुआत में होने वाली सामान्य बारिश अरहर, उड़द और मूंग जैसी फसलों की बुआई और शुरुआती विकास के लिए लाभदायक होगी. हालांकि, निचले इलाकों में जलजमाव से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
डॉक्टरों ने दी स्वास्थ्य संबंधी सलाह
उमस और गर्मी को देखते हुए चिकित्सकों ने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस और अन्य तरल पदार्थ पीने की सलाह दी है. दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच धूप में निकलने से बचने और सूती व हल्के कपड़े पहनने की भी सलाह दी गई है, ताकि डिहाइड्रेशन और हीट क्रैम्प्स जैसी समस्याओं से बचा जा सके.
क्या करें, क्या न करें?
पर्याप्त मात्रा में पानी और ओआरएस का सेवन करें.
दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें.
हल्के और सूती कपड़े पहनें.
बारिश और आंधी के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न हों.
किसानों को खेतों में जल निकासी की व्यवस्था बनाए रखने की सलाह दी जाती है.
