पटना से अंबर की रिपोर्ट
पटना विश्वविद्यालय (Patna University) के चार वर्षीय स्नातक (यूजी रेगुलर) पाठ्यक्रम में तीसरी मेधा सूची के आधार पर नामांकन का आज अंतिम मौका है. विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों से अपील की है कि वे निर्धारित समय के भीतर अपने आवंटित कॉलेज में पहुंचकर काउंसिलिंग, दस्तावेज सत्यापन और नामांकन की प्रक्रिया पूरी कर लें.
आज तक होगी काउंसिलिंग और दस्तावेज सत्यापन
विश्वविद्यालय के डीन प्रो. कामेश्वर पंडित ने बताया कि तीसरी मेधा सूची के आधार पर 29 जुलाई तक कॉलेजों में काउंसिलिंग होगी. छात्रों को अपने आवंटित कॉलेज में उपस्थित होकर सभी आवश्यक मूल दस्तावेजों के साथ सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी. काउंसिलिंग के बाद ही उनका नामांकन किया जाएगा.
खाली सीटों पर होगा स्पॉट राउंड एडमिशन
तीसरी मेधा सूची के बाद बची हुई सीटों पर स्पॉट राउंड के माध्यम से दाखिला लिया जाएगा. रेगुलर और सेल्फ फाइनेंस दोनों पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों के लिए छात्र 31 जुलाई और 1 अगस्त को संबंधित कॉलेज में जाकर ऑफलाइन आवेदन कर सकेंगे.
3 अगस्त को जारी होगी स्पॉट राउंड मेरिट लिस्ट
कॉलेजों में प्राप्त आवेदनों की समीक्षा के बाद 3 अगस्त को संबंधित प्राचार्य नोटिस बोर्ड पर स्पॉट राउंड की मेधा सूची जारी करेंगे. चयनित छात्रों का अंतिम नामांकन 4 अगस्त को पूरा किया जाएगा.
एलएलबी प्रवेश परीक्षा 1 अगस्त को
पटना विश्वविद्यालय ने बताया कि एलएलबी में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की प्रवेश परीक्षा 1 अगस्त को बीएन कॉलेज में आयोजित की जाएगी. परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देश विश्वविद्यालय की ओर से पहले ही जारी किए जा चुके हैं.
