पटना के नदी थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: स्मैक, अवैध राइफल, कारतूस और लाखों रुपये बरामद, युवक गिरफ्तार

पटना के नदी थाना पुलिस ने कच्ची दरगाह इलाके में छापेमारी कर अमित कुमार को गिरफ्तार किया. उसके पास से 9.15 ग्राम स्मैक, अवैध राइफल, दो कारतूस और 4.28 लाख रुपये नकद बरामद हुए. पुलिस को आरोपी के नशा और अवैध हथियार नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका है.

Patna News: (एस.के सिंह की रिपोर्ट) पटना जिले के नदी थाना पुलिस ने अपराध और नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके पास से स्मैक, अवैध हथियार, जिंदा कारतूस और लाखों रुपये नकद बरामद किए हैं. इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.

एसडीपीओ अवधेश कुमार ने बताया कि नदी थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कच्ची दरगाह मजार के पास एक युवक संदिग्ध गतिविधियों में शामिल है. सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष सद्दाम हुसैन के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया और त्वरित छापेमारी की गई.

मौके से 20 पुड़िया स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मौके से अमित कुमार नामक युवक को गिरफ्तार किया. तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 20 पुड़िया स्मैक बरामद हुई, जिसका कुल वजन लगभग 9.15 ग्राम बताया गया है.

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के मोबाइल की जांच की और पूछताछ के आधार पर उसके घर में भी छापेमारी की. तलाशी के दौरान पुलिस को एक अवैध देशी राइफल, दो जिंदा कारतूस तथा चार लाख 28 हजार 150 रुपये नकद बरामद हुए. पुलिस ने सभी सामानों को जब्त कर लिया है.

नशे और हथियार नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित कुमार, पिता शोक राय, ग्राम जेठुली, थाना नदी, जिला पटना निवासी के रूप में हुई है. पुलिस का मानना है कि आरोपी का संबंध नशे और अवैध हथियार के नेटवर्क से हो सकता है. फिलहाल उससे गहन पूछताछ की जा रही है ताकि इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके.

विशेष सशस्त्र बल के साथ चलाया गया अभियान

इस छापेमारी अभियान में पुलिस पदाधिकारी विवेक कुमार के साथ विशेष सशस्त्र बल के जवान भी शामिल थे. पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है.पटना police ने कहा है कि जिले में नशा, अवैध हथियार और अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

इसे भी पढ़ें: पूर्वी चंपारण, मधुबनी समेत बिहार के 5 जिलों को मिलेंगे नए पुलिस कप्तान, गृह विभाग का आदेश जारी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >