Patna News:(अजीत कुमार की रिपोर्ट) पटना जिले के गौरीचक थाना क्षेत्र में गुरुवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.
घटना गौरीचक थाना क्षेत्र के चंडासी मोड़ के आगे अबगिला गांव के सामने, पेट्रोल पंप के पास हुई. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों बाइक पर कुल पांच लोग सवार थे. टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पहले नव्या हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया. घायलों में मेहारीचक गांव निवासी गणेश राम और नरेश राम शामिल हैं. दूसरी बाइक पर सवार तीन लोग रामकृष्ण नगर इलाके के बताए जा रहे हैं.
घायलों को नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया
सभी घायलों में से दो को बेहतर इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई. हालांकि देर रात तक मृतक की आधिकारिक पहचान की पुष्टि नहीं हो सकी. दूसरे गंभीर घायल का इलाज जारी है और उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है.
पुलिस और एंबुलेंस पहुंचने में हुई देरी
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि हादसे के काफी देर बाद पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुँची, जिससे नाराजगी देखी गई. उनका कहना है कि पटना-गया रोड पर लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे.
पुलिन का क्या है कहना?
गौरीचक थाना पुलिस ने बताया कि घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया था और मामले की जांच जारी है. उन्होंने मृतक युवक की नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मौत की पुष्टि की, लेकिन नाम और पहचान साझा नहीं की.
इसे भी पढ़ें: दाखिल-खारिज में गड़बड़ी अब नहीं चलेगी, DSP स्तर के अधिकारी करेंगे जांच, बना नया स्पेशल सेल
