Patna News (नितिश सिंह) : कदमकुआं थाने के वैशाली गोलंबर के समीप एचडीएफसी बैंक के सामने कैश वैन लूटने का प्रयास करने वाले एक बदमाश को हथियार के साथ लोगों ने पकड़ लिया. हालांकि, उसके साथ रहे दो अन्य बदमाश बाइक से फरार होने में सफल रहे. पकड़े गए बदमाश के नाम का फिलहाल पुलिस ने खुलासा नहीं किया है, लेकिन वह नौबतपुर का रहने वाला है. कदमकुआं थानाध्यक्ष जन्मजेय कुमार ने बताया कि बदमाश कैश वैन लूटने के लिए आया था, लेकिन पकड़ा गया है. पुलिस की पूछताछ में उसने अपने दो अन्य साथियों के नामों की जानकारी दी है, जिन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है.
कैश बॉक्स छीनने की कोशिश, गार्ड और स्थानीय लोगों ने की विफल
बताया जाता है कि कैश वैन वैशाली गोलंबर के पास स्थित एचडीएफसी बैंक के सामने आकर लगी थी. इसके बाद रुपयों से भरा बॉक्स बैंक से निकालकर कैश वैन में रखने के लिए गार्ड ले जा रहा था. इसी दौरान बदमाशों ने कैश बॉक्स को छीनने की कोशिश की, लेकिन गार्ड ने तुरंत उन पर हथियार तान दिया. इसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एक बदमाश को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य बदमाश तुरंत बाइक पर सवार होकर भाग निकले.
झोले से मिली देसी पिस्तौल, पूरी प्लानिंग के साथ आए थे बदमाश
पकड़े गए बदमाश के पास से झोले में एक देसी पिस्तौल भी मिली है. आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे कुछ लोगों ने खिला-पिलाकर कैश वैन को लूटने के लिए लाया था. बदमाशों को इस बात की भी सटीक जानकारी थी कि किस समय बैंक से रुपयों से भरा बॉक्स कैश वैन के अंदर रखा जाएगा. उनकी योजना बैंक के गेट से कैश वैन तक ले जाने के बीच में ही कैश बॉक्स को लूटने की थी.
इसे भी पढ़ें: पटना जू की जमीन पर बढ़ सकता है एयरपोर्ट का रनवे, नया प्लान तैयार, जल्द शुरू होगा सर्वे
