दानापुर में गैस वेंडर हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, ‘भाभी’ के प्रेम प्रसंग में हुई थी हत्या, दो भाई गिरफ्तार

Patna News: पटना के दानापुर में गैस वेंडर इंदल साव हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है. पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी आलोक कुमार और उसके छोटे भाई विश्वजीत कुमार को भोजपुर जिले के सहार से गिरफ्तार किया है. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल पिस्तौल, बाइक, कारतूस और मोबाइल भी बरामद कर लिया है.

Patna News: (संजय कुमार की रिपोर्ट) पटना के दानापुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गैस वेंडर हत्याकांड का उद्भेदन करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस की तकनीकी और त्वरित जांच में जो सच्चाई सामने आई है, वह बेहद चौंकाने वाली है. पुलिस के मुताबिक, यह पूरी वारदात ‘त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग’ (Love Triangle) और अवैध संबंधों के विवाद में अंजाम दी गई.

दरअसल, मृतक इंदल साव की भाभी के साथ मुख्य आरोपी आलोक कुमार का प्रेम प्रसंग चल रहा था. इसी बीच, मृतक इंदल का भी अपनी भाभी के साथ प्रेम प्रसंग शुरू हो गया. इस बात को लेकर आलोक और इंदल के बीच पहले भी कई बार गंभीर विवाद हुआ था. आरोपी आलोक ने इस बात से नाराज होकर पूर्व में इंदल की भाभी के मायके जाकर जान से मारने की धमकी भी दी थी. आखिरकार, रास्ते से हटाने के लिए आलोक ने अपने भाई के साथ मिलकर इंदल की हत्या कर दी.

भोजपुर के सहार से दबोचे गए दोनों हत्यारे भाई

नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) भानु प्रताप सिंह ने बुधवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि 31 मई को दानापुर थाना क्षेत्र के गोला रोड (बैंक कॉलोनी) निवासी रंजीत उर्फ सुजीत ने एक लिखित आवेदन दिया था. शिकायत में कहा गया था कि रविवार की रात उनके भाई इंद्रल साव (इंदल) को आलोक कुमार नामक युवक अपनी बाइक पर बैठाकर साथ ले गया था. इसके ठीक एक घंटे बाद सूचना मिली कि इंदल की गोली मारकर हत्या कर दी गई है.

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी ने दानापुर थानाध्यक्ष पी.के. भारद्वाज के नेतृत्व में एक विशेष एसआईटी (SIT) टीम का गठन किया. एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के अंदर दोनों नामजद आरोपियों को भोजपुर जिले के सहार थाना अंतर्गत सेक्था गांव से गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तार आरोपियों की प्रोफाइल:

  1. आलोक कुमार यादव उर्फ बप्पी कुमार सिंह (मुख्य आरोपी)
  2. विश्वजीत कुमार उर्फ छोटू (आलोक का छोटा भाई)

हथियार, खोखा और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद

सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार दोनों भाइयों की निशानदेही और कुबूलनामे के आधार पर पुलिस ने हत्याकांड में प्रयुक्त शत-प्रतिशत साक्ष्य और हथियार बरामद कर लिए हैं.

बरामदगी की सूची:

  • हथियार: 01 पिस्तौल
  • कारतूस: 01 जिंदा गोली और 01 खोखा
  • वाहन: 01 मोटरसाइकिल
  • इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य: 01 मोबाइल फोन

सीतामढ़ी का रहने वाला था मृतक

बता दें कि मृतक की पहचान सीतामढ़ी जिले के रूनीसैदपुर थाना अंतर्गत वनस्पति गांव निवासी राम कुमार साव के पुत्र इंदल साव के रूप में हुई थी. वह वर्तमान में दानापुर के गोला रोड स्थित बैंक कॉलोनी में अपने भाई रंजीत के साथ किराए पर रहता था और इलाके में ही गैस वेंडर का काम करता था. पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.

Also Read: खान सर की कोचिंग पर हमले का वीडियो देखिए, गार्ड से मारपीट, तोड़फोड़ और पोस्टर फाड़ते दिखे हमलावर

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट. नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >