बिक्रम थाना गेट के पास ट्रांसफार्मर में लगी भीषण आग, बाजार में मची भगदड़, 200 घरों की बत्ती गुल

Patna News: पटना जिले के बिक्रम बाजार में बुधवार की रात थाना के मुख्य गेट के पास लगे बिजली ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई. आग की ऊंची लपटें उठने से व्यस्त बाजार में भगदड़ मच गई. दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है.

Patna News: (रवि प्रकाश की रिपोर्ट) पटना जिले के बिक्रम बाजार स्थित थाना के मुख्य गेट के पास बुधवार की रात करीब नौ बजे एक बड़ा हादसा टल गया. यहाँ लगे बिजली के एक मुख्य ट्रांसफार्मर में अचानक जोरदार शॉर्ट सर्किट होने से भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग की लपटें काफी तेज हो गईं और आसमान में काले धुएं का गुबार उठने लगा. व्यस्त और घने बाजार क्षेत्र में अचानक हुई इस अगलगी की घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. बाजार में खरीदारी करने आए लोग और दुकानदार जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जिससे कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई.

हाई वोल्टेज के कारण तुरंत पानी नहीं डाल सकी दमकल, ऐसे पाया काबू

घटना की गंभीरता और थाने के ठीक बाहर का मामला होने के कारण बिक्रम थाने में मौजूद दमकल की गाड़ी बिना वक्त गंवाए तुरंत मौके पर पहुंच गई. अग्निशमन कर्मी मुस्तैदी से आग बुझाने के लिए आगे बढ़े, लेकिन ट्रांसफार्मर में हाई वोल्टेज बिजली की सप्लाई चालू होने के कारण वे चाहकर भी पानी की बौछार नहीं कर सके. बिजली के चालू तारों के कारण कोई बड़ा ब्लास्ट या करंट फैलने का खतरा था, इसलिए लाइन चालू रहते आग बुझाने का जोखिम कोई नहीं ले सकता था.

इसके बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन और प्रबुद्ध नागरिकों द्वारा तत्काल बिजली विभाग के अधिकारियों और पावर हाउस को सूचित किया गया. सूचना मिलते ही बिजली विभाग ने फुर्ती दिखाई और ग्रिड से पूरे बिक्रम बाजार क्षेत्र की बिजली आपूर्ति (पावर सप्लाई) को बंद कर दिया. लाइन पूरी तरह कटने के बाद दमकल कर्मियों ने सक्रियता दिखाई और कड़ी मशक्कत के बाद ट्रांसफार्मर में लगी आग पर पूरी तरह काबू पा लिया.

भीषण गर्मी में 200 घरों में छाया अंधेरा, ग्रामीणों ने जताई नाराजगी

हालांकि, इस हादसे के कारण ट्रांसफार्मर और उसके आसपास का पूरा सिस्टम बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है. सुरक्षा के मद्देनजर और तार गलने के कारण बाजार क्षेत्र के लगभग 200 घरों में पूरी तरह से अंधेरा छा गया. भीषण गर्मी और उमस के इस मौसम में अचानक रात के समय बत्ती गुल होने से स्थानीय निवासियों और बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

स्थानीय ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ‘पिक आवर’ (रात के समय जब बिजली की खपत सबसे ज्यादा होती है) में अक्सर पावर हाउस में सरकारी मिस्त्री या तकनीकी कर्मचारी गायब रहते हैं. विभाग की इसी लापरवाही और मेंटेनेंस की कमी के कारण आए दिन ऐसे शॉर्ट सर्किट होते हैं और आम लोगों को इस भीषण गर्मी में बिना बिजली के रात गुजारनी पड़ती है.

मरम्मत कार्य जारी, जल्द बहाल होगी आपूर्ति: बिजली विभाग

इधर, मामले को लेकर बिजली विभाग के कनीय अभियंता और तकनीकी टीम ने बताया कि ट्रांसफार्मर के पास लगा एलटी (Low Tension) का मुख्य तार शॉर्ट सर्किट के कारण धू-धू कर जल गया था. आग पर काबू पाए जाने के बाद जले हुए तारों को बदलने और ट्रांसफार्मर की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है. अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही तकनीकी कमियों को दूर कर बाजार क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति दोबारा बहाल कर दी जाएगी.

इसे भी पढ़ें: पटना में कोचिंग बवाल के बाद सरकार एक्शन में, नकेल कसने की तैयारी, मिथिलेश तिवारी ने किया ऐलान

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट. नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >