पटना से आनंद सिंह कौशिक की रिपोर्ट
Patna Metro Construction : पटना जिले में मेट्रो निर्माण कार्य के कारण चिड़ियाघर के समीप करीब 200 मीटर की दूरी में सड़क की एक लेन से ही वाहनों का परिचालन कराया जा रहा है. इसके कारण सोमवार से सगुना मोड़ की तरफ से आने वाले व्यावसायिक वाहनों के लिए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है. व्यावसायिक वाहनों को दो स्थानों पर डायवर्ट किया जाएगा, ताकि पीक आवर में लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिल सके.
डुमरा चौकी से एयरपोर्ट होकर जा सकेंगे वाहन
राजा बाजार पुल के नीचे से आने वाले व्यावसायिक वाहनों को चिड़ियाघर पहुंचने से पहले डुमरा चौकी (शेखपुरा मोड़) से डायवर्ट किया जाएगा. यहां से वाहन एयरपोर्ट के मुख्य द्वार के सामने से पटेल गोलंबर और हार्डिंग रोड होते हुए आयकर गोलंबर या पटना जंक्शन की ओर जा सकेंगे. इसके अलावा कुछ व्यावसायिक वाहनों को चिड़ियाघर से पहले एलएनजेपी अस्पताल की ओर डायवर्ट कर पुनाईचक मोड़ की तरफ भेजा जाएगा.
हनुमान मंदिर के पास पीक आवर में लग रहा जाम
चिड़ियाघर के समीप एक लेन बंद होने के कारण राजवंशी नगर स्थित हनुमान मंदिर के पास पीक आवर में भीषण जाम की स्थिति बन रही है. सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ने से यातायात प्रभावित हो रहा है. इसी को देखते हुए व्यावसायिक वाहनों के लिए डायवर्जन लागू करने का निर्णय लिया गया है.
यातायात पुलिस के अनुसार, आगे विकास भवन और विद्युत भवन के पास भी मेट्रो निर्माण कार्य शुरू होना है. वहां निर्माण शुरू होने के बाद आयकर गोलंबर से ही व्यावसायिक वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा.
एलएनजेपी-पुनाईचक मार्ग पर बढ़ सकता है दबाव
एलएनजेपी अस्पताल से पुनाईचक की ओर जाने वाला मार्ग अपेक्षाकृत संकरा है. ऐसे में इस रास्ते पर व्यावसायिक वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की समस्या उत्पन्न होने की आशंका है. यातायात पुलिस स्थिति पर लगातार नजर रखेगी और आवश्यकता के अनुसार डायवर्जन व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा.
व्यावसायिक वाहनों को दो जगहों पर डायवर्ट किया
यातायात एसपी सागर झा ने बताया कि सगुना से आने वाले व्यावसायिक वाहनों को दो जगहों पर डायवर्ट किया जाएगा. एक डुमरा चौकी से एयरपोर्ट की तरफ और दूसरा एलएनजेपी अस्पताल की तरफ डायवर्ट होगा. विकास भवन और विद्युत भवन के समीप निर्माण शुरू होने पर फिर से यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा.
