Patna cooperation camp: पटना के मोती चौक स्थित सामुदायिक भवन में नगर परिषद की ओर से कार्यपालक पदाधिकारी अभिनव कुमार के नेतृत्व में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. बिहार सरकार की पहल पर आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाते हुए उनकी समस्याओं का एक ही स्थान पर समाधान सुनिश्चित करना है.
शिविर का उद्घाटन कार्यपालक पदाधिकारी अभिनव कुमार ने फीता काटकर किया. सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग हाथों में आवेदन लेकर अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद के साथ शिविर में पहुंचते रहे. आवेदन जमा करने के लिए लोगों की लंबी कतारें भी देखने को मिलीं.
कुछ घंटों में मिले 118 आवेदन
कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि शिविर में कुछ ही घंटों के भीतर कुल 118 आवेदन प्राप्त हुए. इनमें 35 आवेदन सीधे नगर परिषद से संबंधित मामलों के हैं, जबकि 83 आवेदन अन्य विभागों से जुड़े हुए हैं. सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजकर समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा.
लोगों को राहत देना है मुख्य उद्देश्य
अभिनव कुमार ने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को राहत प्रदान करना है. उन्होंने कहा कि लोग अपनी शिकायतों के समाधान के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर नहीं हों, इसके लिए इस प्रकार के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्राप्त सभी आवेदनों की नियमानुसार जांच कर उनका समय पर निष्पादन किया जाएगा, ताकि लोगों को त्वरित राहत मिल सके.
स्थानीय लोगों ने की सराहना
शिविर में नगर परिषद के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे. स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों के आयोजन से लोगों को काफी सुविधा मिलती है. उन्होंने नगर परिषद से भविष्य में भी नियमित रूप से सहयोग शिविर आयोजित करने की मांग की, ताकि आमजन को सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके.
