Patna News : पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले का खुलासा करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने बुधवार की रात गुप्त सूचना के आधार पर पांचूचक में छापेमारी कर 16.481 किलो गांजा बरामद किया. मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार करने के साथ गांजा तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे सामान भी बरामद किए गए.
कमरे से गांजा और इलेक्ट्रॉनिक तराजू समेत सामान बरामद
सिटी एसपी पश्चिमी संकेत कुमार ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में बताया कि बुधवार की रात सूचना मिली थी कि पांचूचक स्थित किराए के मकान में रहने वाला अखिलेश मिश्रा गांजा की खरीद-बिक्री कर रहा है. सूचना के आधार पर अपर पुलिस अधीक्षक अजीत कुमार के नेतृत्व में थानाध्यक्ष और पुलिस टीम ने छापेमारी की.
छापेमारी के दौरान अखिलेश मिश्रा उर्फ पंडित जी को गिरफ्तार किया गया. उसके कमरे की तलाशी लेने पर 16.481 किलो गांजा, एक बड़ा इलेक्ट्रॉनिक तराजू, तीन छोटे तराजू, एक कैलकुलेटर और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए.
Also Read : दानापुर में चोरी की दो बाइक मोडिफाई करते चार गिरफ्तार, पुलिस ने किया बरामद
छोटे-छोटे पुड़िया बनाकर बेचता था गांजा
सिटी एसपी पश्चिमी ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर अखिलेश मिश्रा गांजा के छोटे-छोटे पुड़िया बनाकर उसकी बिक्री करता था. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह गांजा कहां से लाता था और इस तस्करी में उसके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं.
एनडीपीएस एक्ट के तहत भेजा गया न्यायिक हिरासत में
गिरफ्तार अखिलेश मिश्रा उर्फ पंडित जी शहबाजपुर, बिहटा का निवासी बताया गया है. पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.
