आर्म्स एक्ट मामले में दबोचा गया जमीन कारोबारी टुनटुन यादव, प्रॉपर्टी कार्यालय में पुलिस की छापेमारी

Patna Crime News : पटना पुलिस की विशेष टीम ने चर्चित जमीन कारोबारी टुनटुन यादव को दीघा के आर्म्स एक्ट मामले में गिरफ्तार किया. गिरफ्तारी के बाद बेऊर स्थित उसके कार्यालय में छापेमारी कर 12 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई. आरोपी के खिलाफ पहले से जमीन कब्जा और हथियार प्रदर्शन का मामला दर्ज है.

Patna Crime News : पटना पुलिस की विशेष टीम ने बुधवार को चर्चित जमीन कारोबारी टुनटुन यादव को दीघा थाना में दर्ज आर्म्स एक्ट के मामले में गिरफ्तार कर लिया. उसे मसौढ़ी प्रखंड के नदवां गांव के पास उस समय पकड़ा गया, जब वह गया से पटना लौट रहा था. गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे बेऊर थाना ले गई. पूछताछ के बाद उसके बेऊर स्थित प्रॉपर्टी डीलिंग कार्यालय में छापेमारी की गई, जहां से विभिन्न विदेशी ब्रांड की 12 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई.

हथियार के बल पर कब्जे के आरोप में दर्ज था केस

पुलिस के अनुसार कुछ दिन पहले दीघा थाना क्षेत्र में टुनटुन यादव अपने सहयोगियों के साथ हथियारों के बल पर एक जमीन पर कब्जा करने पहुंचा था. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. मामला दर्ज होने के बाद से वह फरार चल रहा था.

गुप्त सूचना पर हुई गिरफ्तारी

सूत्रों के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि टुनटुन यादव अपनी बुलेटप्रूफ फॉर्च्यूनर से गया से पटना लौट रहा है. इसके बाद विशेष टीम ने नदवां गांव के समीप घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया.

पहले भी रहा है सुर्खियों में

टुनटुन यादव लंबे समय से जमीन कारोबार को लेकर चर्चा में रहा है. इलाके में उसे रॉबिनहुड शैली के जमीन कारोबारी के रूप में भी जाना जाता है. करीब चार वर्ष पहले उसकी हत्या के लिए दो करोड़ रुपये की सुपारी दिए जाने की चर्चा हुई थी. उसी दौरान बेऊर स्थित उसके कार्यालय पर कार्बाइन समेत अत्याधुनिक हथियारों से सैकड़ों राउंड फायरिंग हुई थी, जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे, जबकि एक व्यक्ति की मौत हो गई थी.

इसे भी पढ़ें : पटना में नई शिक्षा नीति के विरोध में AISA का प्रदर्शन, जेपी गोलंबर पर पुलिस से झड़प; यातायात भी रहा प्रभावित

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >