Patna Crime News : मोकामा थाना क्षेत्र के मोर पश्चिमी पंचायत में मंगलवार की देर रात अपराधियों ने गौशाला में सो रहे किसान की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है.
मृतक की पहचान मोर पूर्वी पंचायत के वार्ड संख्या-12 निवासी 60 वर्षीय भुखन यादव के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार वह प्रतिदिन रात में मोर पश्चिमी पंचायत के वार्ड संख्या-12 स्थित अपनी गौशाला में सोने जाते थे. बुधवार सुबह ग्रामीण जब गौशाला पहुंचे तो वहां खून फैला हुआ था और भुखन यादव अपने बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़े मिले. इसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई.
सिर में मारी गई गोली
सूचना मिलते ही एसडीपीओ राम कृष्ण और मोकामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया. मृतक के पुत्र विकास कुमार ने बताया कि उनके पिता का किसी से कोई गंभीर विवाद नहीं था, इसलिए हत्या की वजह समझ में नहीं आ रही है. एसडीपीओ राम कृष्ण ने बताया कि भुखन यादव की नजदीक से सिर में गोली मारकर हत्या की गई है. फिलहाल परिजनों ने किसी पर संदेह नहीं जताया है.
डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना पर डॉग स्क्वायड और एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र किए. परिजनों के आवेदन के आधार पर अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर अपराधियों की पहचान में जुटी है.
इसे भी पढ़ें : पटना में नई शिक्षा नीति के विरोध में AISA का प्रदर्शन, जेपी गोलंबर पर पुलिस से झड़प; यातायात भी रहा प्रभावित
