Patna Sanjay Yadav murder: बिहटा के राघोपुर पंचायत के पूर्व मुखिया एवं समाजसेवी संजय कुमार यादव हत्याकांड में नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज ग्रामीणों और समर्थकों ने बुधवार की शाम कैंडल मार्च निकालकर न्याय की मांग की. राघोपुर तीनमुहानी से शुरू हुआ यह मार्च बिहटा चौक पहुंचकर सभा में तब्दील हो गया. इस दौरान लोगों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर स्व. संजय यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की और हत्या मामले में नामजद आरोपितों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की.
बिहटा थाने को सौंपा गया मांग पत्र
कैंडल मार्च के बाद ग्रामीणों और समर्थकों की ओर से हस्ताक्षरयुक्त मांग पत्र बिहटा थाना को सौंपा गया. मांग पत्र में बिहटा थाना कांड संख्या-684/26 के नामजद आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी, मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों को सजा दिलाने की मांग की गई है. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि हत्या के एक सप्ताह बाद भी आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होना चिंता का विषय है.
परिजनों ने पुलिस प्रताड़ना का लगाया आरोप
मांग पत्र में परिजनों ने आरोप लगाया है कि स्व. संजय कुमार यादव रायपुर पंचायत के पूर्व मुखिया और लोकप्रिय समाजसेवी थे. राजनीतिक द्वेष और भूमि विवाद को लेकर उन्हें लंबे समय से परेशान किया जा रहा था. आवेदन में उनके विरुद्ध दर्ज कई मामलों का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि बिहटा थाना में कांड संख्या-1085/24, 774/25, 780/25, 866/25, 920/25, 921/25 और 49/26 सहित पटना सिटी चौक थाना कांड संख्या-536/26 दर्ज किया गया था. परिजनों ने आरोप लगाया कि इन मामलों के कारण उन्हें मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा.
मांग पत्र में यह भी कहा गया है कि स्व. संजय यादव के भाई मनोज कुमार के विरुद्ध सीसीए की कार्रवाई की अनुशंसा की गई थी. परिजनों ने संजय यादव और उनके परिवार के खिलाफ दर्ज सभी मामलों की निष्पक्ष समीक्षा कराने की मांग की है.
पुलिस कार्रवाई पर जताया असंतोष
सभा को संबोधित करते हुए परिजनों और समर्थकों ने कहा कि यदि जल्द निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और तेज किया जाएगा. उन्होंने प्रशासन से हत्या मामले की सभी पहलुओं से निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की.
पप्पू यादव ने सरकार को घेरा
सांसद पप्पू यादव ने संजय यादव हत्याकांड को लेकर सरकार और प्रशासन पर निशाना साधते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की. उन्होंने कहा कि बिहार में अपराध की घटनाओं पर सरकार को गंभीरता से कदम उठाना चाहिए. किसी जनप्रतिनिधि या सामाजिक व्यक्ति की हत्या के बाद आरोपितों की गिरफ्तारी में देरी से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ती है. उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की.
भाई वीरेंद्र बोले- न्याय में देरी स्वीकार्य नहीं
विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि संजय यादव एक सामाजिक व्यक्ति थे और हत्या मामले में न्याय मिलने में देरी स्वीकार्य नहीं है. उन्होंने कहा कि पुलिस को निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए. कानून से ऊपर कोई नहीं है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना प्रशासन की जिम्मेदारी है.
भाजपा नेता चंद्रमा यादव ने भी उठाए सवाल
भाजपा नेता चंद्रमा यादव ने कहा कि घटना के एक सप्ताह बाद भी नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होना गंभीर विषय है. पुलिस को किसी दबाव से मुक्त होकर कार्रवाई करनी चाहिए. उन्होंने मांग पत्र में उठाए गए सभी बिंदुओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की.
बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
कैंडल मार्च में मृतक के भाई वीरेंद्र यादव, भाजपा नेता चंद्रमा यादव, पूर्व मुखिया सुजीत पासवान, प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि मुकेश कुमार, उप प्रमुख वरुण कुमार, पूर्व उप प्रमुख कुणाल यादव, वार्ड पार्षद मुन्ना यादव, पूर्व पैक्स अध्यक्ष अनिल यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण शामिल हुए. कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी. वहीं, पुलिस की ओर से मामले में अनुसंधान और आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है.
