Patna News : फतुहा थाना क्षेत्र के घोरनपुरा गांव में गुरुवार को जीविका दीदियों की सतर्कता से अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद हुई. शराबबंदी के समर्थन में निकाली गई जनजागरण रैली के दौरान ग्रामीणों ने जीविका दीदियों को सूचना दी कि गांव के एक बंद मकान में भारी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई है.
सूचना मिलते ही जीविका दीदियों ने फतुहा थानाध्यक्ष श्रीमंत कुमार सुमन और एसडीपीओ अवधेश कुमार को इसकी जानकारी दी. पुलिस ने तत्काल छापेमारी कर बंद मकान से विभिन्न ब्रांडों की कुल 807 लीटर विदेशी शराब बरामद की. जब्त शराब में 419 लीटर बीयर तथा शेष विभिन्न कंपनियों की व्हिस्की शामिल है. पुलिस ने शराब की पेटियों को पिकअप वाहन पर लादकर थाना पहुंचाया.
ग्रामीणों ने अन्य गांवों में भी कार्रवाई की मांग की
इस कार्रवाई के बाद इलाके में शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है. ग्रामीणों का कहना है कि घोरनपुरा की तरह सिकंदरपुर गांव में भी बड़े पैमाने पर अंग्रेजी और देसी शराब का अवैध कारोबार होता है. उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध करने पर शराब माफिया ग्रामीणों को धमकाते हैं.
शराब माफियाओं पर होगी कड़ी कार्रवाई
फतुहा थानाध्यक्ष श्रीमंत कुमार सुमन ने कहा कि शराब तस्करों और कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि यदि कोई शराब माफिया ग्रामीणों को धमकाता है तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. आवश्यकता पड़ने पर उसकी संपत्ति जब्त (कुर्क) करने की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी.
