पालीगंज की नेहा गुप्ता ने नीट यूजी में हासिल किया 99.55 पर्सेंटाइल, बढ़ाया क्षेत्र का मान

पालीगंज के परियों गांव की नेहा गुप्ता ने नीट यूजी परीक्षा में 99.55 पर्सेंटाइल प्राप्त कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है. यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत और परिवार के प्रोत्साहन का परिणाम है.

Patna News: पालीगंज प्रखंड के परियों गांव निवासी व्यवसायी विमल कुमार की पुत्री नेहा गुप्ता ने नीट यूजी परीक्षा में 99.55 पर्सेंटाइल हासिल कर पालीगंज का नाम रोशन किया है. नेहा की इस शानदार सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है और उनके घर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है. नेहा के पिता विमल कुमार छड़, गिट्टी और सीमेंट के व्यवसाय से जुड़े हैं. परिवार के प्रोत्साहन और अपनी कड़ी मेहनत के दम पर नेहा ने यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की है. उन्होंने मैट्रिक और इंटरमीडिएट की पढ़ाई पालीगंज के एक निजी शिक्षण संस्थान से पूरी की. इसके बाद मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर पहले ही प्रयास में 99.55 पर्सेंटाइल प्राप्त किया.

पहले प्रयास में मिली बड़ी सफलता

नेहा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के सहयोग को दिया है. उन्होंने कहा कि नियमित अध्ययन, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की कुंजी है. उनका सपना एक योग्य चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करना है.

बधाई देने वालों का लगा तांता

नेहा की सफलता की जानकारी मिलते ही समाजसेवी, बुद्धिजीवी, शिक्षक और क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उनके आवास पहुंचे और उन्हें मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं. सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे पालीगंज के लिए गर्व का क्षण बताया.

सहकारिता मंत्री ने दी शुभकामनाएं

इस अवसर पर बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव भी नेहा के घर पहुंचे. उन्होंने नेहा को मिठाई खिलाकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. मंत्री ने कहा कि नेहा की उपलब्धि क्षेत्र के विद्यार्थियों, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायी है. उन्होंने विश्वास जताया कि नेहा आगे चलकर एक सफल चिकित्सक बनकर समाज और देश का नाम रोशन करेंगी. ग्रामीणों ने भी नेहा की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे पूरे पालीगंज की उपलब्धि बताया.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sikandar kumar paliganj

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >