बख्तियारपुर-ताजपुर के बीच बन रहा पुल जून 2027 तक होगा पूरा, इन राज्यों से सीधा हो सकेंगे कनेक्ट

New Bridge In Bihar: गंगा नदी पर बख्तियारपुर-ताजपुर के बीच पुल बनाया जा रहा है. इस पुल का निर्माण कार्य जून 2027 तक पूरा हो जाएगा. इस पुल के बनने से बिहार का झारखंड, पश्चिम बंगाल समेत अन्य जिलों से सीधा कनेक्शन हो सकेगा.

New Bridge In Bihar: बिहार की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में से एक है बख्तियारपुर-ताजपुर के बीच गंगा नदी पर बन रहा पुल. 5.5 किलोमीटर लंबे पुल का निर्माण कार्य जून 2027 तक पूरा कर लिया जाएगा. इस पुल के बन जाने से दक्षिण से उत्तरी बिहार के जिलों के बीच का जुड़ाव आसान होगा. साथ ही पटना के महात्मा गांधी सेतु और राजेंद्र सेतु पर गाड़ियों का दबाव भी कम होगा. इससे दोनों पुलों पर जाम की समस्या भी खत्म होगी.

क्या कहना है पदाधिकारियों का?

बिहार राज्य सड़क विकास निगम (बीएसआरडीसीएल) के पदाधिकारियों का कहना है कि बख्तियारपुर-ताजपुर पुल-सह-पहुंच पथ परियोजना के समस्तीपुर जिला में चक लालशाही से ताजपुर खंड के लिए 16.2 किमी सड़क का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है. बाकी की सड़क और पुल निर्माण का कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा.

दक्षिण से उत्तर बिहार के बीच आवागमन सुगम बनाने और महात्मा गांधी सेतु पर ट्रैफिक का दबाव कम करने की मंशा से सरकार एनएच-31 करजान, बख्तियारपुर और समस्तीपुर के ताजपुर में एनएच-28 के बीच गंगा नदी पर 5.5 किमी पुल-सह-पहुंच पथ का निर्माण करवा रही है. इसकी दूसरी प्रशासनिक स्वीकृति 3923 करोड़ रुपए है.

योजना के तहत पुल के दोनों तरफ 45.74 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण भी करवाया जाना है. इसमें 41.25 किमी ताजपुर (समस्तीपुर) और 4.50 किमी लंबी सड़क बख्तियारपुर (पटना) की ओर बनाई जाएगी. विभागीय पदाधिकारियों ने बताया कि पुल और सड़क के बाकी हिस्सों का निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है. उम्मीद है कि जून 2027 तक इस पुल से गाड़ियों का आवागमन शुरू हो जाएगा.

उत्तर से दक्षिण बिहार के साथ नेपाल से होगा सीधा जुड़ाव

जन निजी भागीदारी (पीपीपी) के तहत एनएच-31 और एनएच-28 को जोड़ने वाले बख्तियारपुर-ताजपुर के बीच गंगा पुल का निर्माण होने से उत्तर और दक्षिण बिहार में कई जिलों को फायदा पहुंचेगा. मुख्य रूप से समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, सहरसा, पूर्णिया, पटना, गया, औरंगाबाद, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, नालंदा आदि जिलों के साथ झारखंड, पश्चिम बंगाल जैसे महत्वपूर्ण राज्यों का सीधा जुड़ाव संभव हो सकेगा. इसके साथ ही दक्षिण बिहार के जिलों का नेपाल के साथ सीधा जुड़ाव होगा. इससे जहां व्यापारिक गतिविधियों को नई उड़ान मिलेगी. साथ ही क्षेत्र के लाखों किसानों के लिए फसल के निर्यात-आयात का नया रास्ता भी खुल सकेगा.

Also Read: पीएम मोदी, सम्राट चौधरी समेत इन नेताओं ने सीएम नीतीश को किया बर्थडे विश, JDU ऑफिस में जश्न

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Preeti Dayal

डिजिटल जर्नलिज्म में 3 साल का अनुभव. डिजिटल मीडिया से जुड़े टूल्स और टेकनिक को सीखने की लगन है. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं. बिहार की राजनीति और देश-दुनिया की घटनाओं में रुचि रखती हूं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >