Wanted Man Musheer Arrested : राजधानी पटना के कोतवाली थाने की पुलिस ने जमीन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने के आरोपित 25 हजार रुपये के इनामी मुशीर अहमद को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने मंगलवार को पाटलिपुत्र के रोड नंबर तीन में छापेमारी कर उसे पकड़ा. मुशीर मूल रूप से सीवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के बड़हैया का रहने वाला है. पटना में वह पीरबहोर थाना क्षेत्र के भिखना पहाड़ी स्थित चमन अपार्टमेंट में रहता था. पुलिस की तलाश शुरू होने के बाद उसने चमन अपार्टमेंट छोड़ दिया और पाटलिपुत्र इलाके में पहचान छिपाकर रह रहा था.
दो दिन पहले पार्टनर सुदामा सिंह भी जेल गये
मुशीर अहमद के पार्टनर और 25 हजार रुपये के इनामी सुदामा सिंह को पुलिस ने दो दिन पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा था. सुदामा को बिहटा के लई चौक से पकड़ा गया था. वह मूल रूप से सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र के धैनुकी गांव का निवासी है.
फर्जी रियल एस्टेट कंपनी बनाने का आरोप
जांच में सामने आया है कि मुशीर अहमद और सुदामा सिंह ने जमीन की खरीद-बिक्री के नाम पर फ्रेजर रोड में 'कबीर कॉलोनाइजर एंड डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड' नाम से रियल एस्टेट कंपनी बनायी थी. आरोप है कि कंपनी की आड़ में दोनों ने कई लोगों को जमीन दिलाने का झांसा दिया और उनसे लाखों रुपये लिये.
आठ कट्ठा जमीन के नाम पर 83 लाख लिये
आरोप है कि नौबतपुर के चिरौरा गांव में कबीर कॉलोनाइजर एंड डेवलपर्स के माध्यम से 11 लाख रुपये प्रति कट्ठा की दर से आठ कट्ठा जमीन दिलाने के नाम पर दानापुर निवासी मीता देवी से करीब 83 लाख रुपये ले लिये गये. इसके अलावा भी कई अन्य लोगों से जमीन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये लिये जाने की बात जांच में सामने आयी है.
2021 से 2024 के बीच दर्ज हुए कई केस
मुशीर अहमद और सुदामा सिंह के खिलाफ कोतवाली थाने में जालसाजी और धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं. मुशीर के खिलाफ कोतवाली थाने में 10, नौबतपुर थाने में एक और कदमकुआं थाने में एक मामला दर्ज है. ये मामले वर्ष 2021 से 2024 के बीच दर्ज किये गये थे. पुलिस अब आरोपित से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और पीड़ितों के संबंध में जानकारी जुटा रही है.
