लैंड फॉर जॉब मामले में लालू यादव पर चलेगा मनी लॉन्ड्रिंग का केस, राष्ट्रपति ने दी मुकदमे की मंजूरी

Land For Job Case: लैंड फॉर जॉब घोटाले में राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव की मुश्किलें बढ़ गई हैं. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में मुकदमा चलाने की अनुमति दे दी है. जिससे अब इस हाई-प्रोफाइल केस में कानूनी कार्रवाई का रास्ता साफ हो गया है.

Land For Job Case: लैंड फॉर जॉब घोटाले में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की मुश्किलें और बढ़ गई हैं. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अभियोजन की अनुमति दे दी है. यह मंजूरी भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 218 और भारतीय दंड प्रक्रिया संहिता (CRPC) की धारा 197(1) के तहत दी गई है.

सूत्रों के अनुसार, यह अनुमति प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा दायर किए गए आरोप पत्र के आधार पर दी गई है, जो केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की FIR पर आधारित है. यह मामला उस घोटाले से जुड़ा है, जिसमें लालू यादव पर रेल मंत्री रहते हुए नौकरी के बदले लोगों से जमीन लेने का आरोप है. कहा गया है कि लालू यादव ने रेल मंत्रालय में नौकरियां देने के बदले उम्मीदवारों से रियायती दरों पर जमीन अपने परिवार के सदस्यों या करीबी सहयोगियों के नाम लिखवा ली.

ED ने इस मामले में दायर की थी चार्जशीट

पिछले साल अगस्त में ED ने इस मामले में चार्जशीट दायर की थी. जिसमें लालू यादव, उनके बेटे बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, और परिवार के अन्य सदस्यों को आरोपी बनाया गया था. आरोप है कि लालू प्रसाद ने अपनी आय और संपत्तियों को छिपाने के लिए एक सोची-समझी आपराधिक साजिश रची, जिसमें उनके परिवार के सदस्य और कुछ करीबी सहयोगी भी शामिल थे.

चार्जशीट में यह भी कहा गया है कि इस साजिश के तहत कई कंपनियों और मुखौटा संस्थाओं के माध्यम से जमीन के सौदे किए गए, ताकि धन के स्रोत को छिपाया जा सके. जांच एजेंसियों का दावा है कि ये लेन-देन भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग की श्रेणी में आते हैं.

राष्ट्रपति से मंजूरी के बाद कानूनी प्रक्रिया हो सकती है तेज

अब राष्ट्रपति से अभियोजन की अनुमति मिलने के बाद लालू यादव के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया और तेज हो सकती है. यह राजनीतिक दृष्टिकोण से भी बड़ा झटका माना जा रहा है, खासकर 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद बदले हुए सियासी समीकरणों के बीच. राजद की ओर से इस पर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन पार्टी सूत्रों ने इसे “राजनीतिक बदले की कार्रवाई” बताया है.

Also Read: पीएम मोदी मुझे जंग में जाने की इजाजत दें…, भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच तेज प्रताप यादव ने सीमा पर लड़ने की जताई इच्छा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >