मनेर थाना क्षेत्र के भवानी टोला गांव में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या कर शव जला देने का आरोप लगाते हुए मायके पक्ष ने थाने में मामला दर्ज कराया है. शिकायतकर्ता सारण जिले के कोपा गांव निवासी अमरेंद्र कुमार सिंह ने पुलिस को दिए आवेदन में कई गंभीर आरोप लगाए हैं.
शादी के बाद से दहेज की मांग और प्रताड़ना का आरोप
शिकायत के अनुसार, वर्ष 2022 में उनकी बेटी आरती कुमारी की शादी भवानी टोला निवासी हरे कृष्णा सिंह के पुत्र अभय सिंह से हुई थी. शादी के बाद से ससुराल पक्ष के लोग बाइक और डेढ़ लाख रुपये की मांग को लेकर आरती को प्रताड़ित करते थे. इस विवाद को लेकर पहले परिवार के स्तर पर समझौता भी कराया गया था, लेकिन इसके बावजूद प्रताड़ना जारी रही.
बेटी की मौत की सूचना मिलने पर पहुंचे परिजन
अमरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार रात उन्हें बेटी की तबीयत खराब होने की सूचना मिली. जब वे ससुराल पहुंचे तो आरती का कहीं पता नहीं चला. गांव के लोगों से जानकारी मिली कि उसकी मौत हो चुकी है. उनका आरोप है कि दहेज के लिए उनकी बेटी की हत्या कर दी गई और सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को जला दिया गया.
पति, सास-ससुर समेत कई लोगों पर दर्ज कराया केस
मायके पक्ष ने इस मामले में पति, सास, ससुर समेत कई लोगों को नामजद आरोपी बनाया है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मामले की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
