पटना में LPG सिलेंडर के लिए जमकर हंगामा, NH किया जाम, नंबर आने पर भी नहीं हो रही डिलीवरी

LPG Cylinder Crisis: बिहार में एलपीजी सिलेंडर को लेकर अब भी गैस एजेंसी के बाहर कंज्यूमर्स की लंबी लाइन दिख रही. इस बीच पटना के फुलवारी शरीफ में गैस सिलेंडर को लेकर जमकर हंगामा किया गया. इस दौरान कंज्यूमर्स ने नेशनल हाईवे जाम कर दिया.

LPG Cylinder Crisis: (फुलवारी शरीफ, अजीत) सरकार के लाख दावों के बावजूद राजधानी पटना के फुलवारी शरीफ में एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर कंज्यूमर्स का गुस्सा फूट पड़ा. सिलेंडर मिलने में लगातार हो रही देरी से नाराज लोगों ने सड़क पर उतरकर जोरदार हंगामा किया और नेशनल हाईवे-98/139 को जाम कर दिया.

हंगामे की वजह से ट्रैफिक जाम

घटना एम्स के नजदीक नवादा मोड़ काली मंदिर के पास की है, जहां बड़ी संख्या में कंज्यूमर्स गैस सिलेंडर लेकर सड़क पर बैठ गए और आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया. सड़क जाम होने से दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

क्या कहना है लोगों का?

हंगामा कर रहे लोगों का कहना है कि उन्हें गैस बुकिंग का मैसेज तो मिल जाता है, लेकिन समय पर सिलेंडर की डिलीवरी नहीं हो रही है. कई लोग सुबह से ही लाइन में खड़े थे, बावजूद इसके उन्हें सिलेंडर नहीं मिला. जब कंज्यूमर्स एजेंसी के गोदाम पर पहुंचे तो वहां भी संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया.

नंबर आने के बावजूद नहीं मिल रहा सिलेंडर

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि यह समस्या नई नहीं है, बल्कि हर कुछ दिन पर ऐसी स्थिति बन जाती है. नंबर आने के बावजूद सिलेंडर नहीं मिलना आम बात हो गई है, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. सड़क जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने-बुझाने में जुट गई.

पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन कंज्यूमर्स अपनी मांगों पर अड़े रहे और व्यवस्था में सुधार की मांग करते रहे. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस वितरण व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए ताकि आम कंज्यूमर्स को बार-बार इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.

Also Read: बिहार में राजस्व विभाग के 69 अधिकारियों को नोटिस, 13 अप्रैल तक मांगा जवाब

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Preeti Dayal

डिजिटल जर्नलिज्म में 3 साल का अनुभव. डिजिटल मीडिया से जुड़े टूल्स और टेकनिक को सीखने की लगन है. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं. बिहार की राजनीति और देश-दुनिया की घटनाओं में रुचि रखती हूं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >