राजद से निकाले जाएंगे खेसारी लाल यादव? आईपी गुप्ता ने तेजस्वी यादव से की कार्रवाई की मांग

Khesari Lal Yadav: बांकीपुर में होने वाले उपचुनाव में बीजेपी, राजद और जन सुराज के उम्मीदवार आमने-सामने है. बीजेपी ने नीरज कुमार, राजद ने रेखा गुप्ता और जन सुराज ने प्रशांत किशोर को उम्मीदवार बनाया है. यहां होने वाले चुनाव को लेकर जब राजद नेता खेसारी लाल यादव से सवाल किया गया था तो उन्होंने प्रशांत किशोर की तारीफ की थी और उन्हें विजन वाला नेता बताया था.

Khesari Lal Yadav: भोजपुरी गायक और राजद के सिंबल पर बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में चुनाव लड़ चुके खेसारी लाल यादव ने बांकीपुर से जन सुराज उम्मीदवार प्रशांत किशोर को विजन वाला नेता बताया था. इसे लेकर राष्ट्रीय जनता दल के सहयोगी दल के विधायक आईपी गुप्ता ने उन पर हमला बोला है. उन्होंने खेसारी पर पार्टी की विचारधारा के खिलाफ जाने का आरोप लगाते हुए आरजेडी नेता तेजस्वी यादव से उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. आईपी गुप्ता ने यह भी आरोप लगाया कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान खेसारी राजद उम्मीदवार से प्रचार के बदले में पैसा मांगते थे.

मुश्किल समय में लालू यादव ने दिया था साथ

आईपी गुप्ता ने कहा कि जब खेसारी लाल यादव अपने कठिन दौर से गुजर रहे थे, तब आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने उनका साथ दिया था. उस समय पार्टी ने उन्हें सम्मान और सहयोग दिया, लेकिन आज वहीं खेसारी लाल यादव जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर का समर्थन कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह कदम आरजेडी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भावनाओं के अनुरूप नहीं है. उन्हें पार्टी से निकाल देना चाहिए.


तेजस्वी यादव से की कार्रवाई की मांग

आईपी गुप्ता ने कहा कि वह तेजस्वी यादव से आग्रह करते हैं कि जैसे ही वह पटना लौटें, इस पूरे मामले पर संज्ञान लें. उन्होंने कहा, "अगर खेसारी लाल यादव आरजेडी की विचारधारा के खिलाफ जाकर दूसरे राजनीतिक दल का समर्थन कर रहे हैं, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए. जरूरत पड़े तो उन्हें पार्टी से बाहर भी किया जाए."

पार्टी अनुशासन सबसे ऊपर

आईपी गुप्ता ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल में अनुशासन सर्वोपरि होता है. यदि कोई व्यक्ति पार्टी और उसके नेताओं से लाभ लेने के बाद विरोधी राजनीतिक ताकतों के साथ खड़ा होता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई होना स्वाभाविक है. उन्होंने कहा कि पार्टी की विचारधारा और अनुशासन से समझौता नहीं किया जा सकता.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

खेसारी या आरजेडी की आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं

हाल के दिनों में खेसारी लाल यादव का जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के प्रति बढ़ता समर्थन बिहार की राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है. इसी बीच आईपी गुप्ता के बयान ने इस विवाद को और हवा दे दी है.

आईपी गुप्ता के इस बयान पर फिलहाल खेसारी लाल यादव या राष्ट्रीय जनता दल की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. ऐसे में अब सबकी नजर तेजस्वी यादव के रुख पर टिकी हुई है कि वह इस मामले में क्या फैसला लेते हैं.

इसे भी पढ़ें: सम्राट चौधरी बोले- बिहार में विकास के लिए पैसे की कोई कमी नहीं, हर महीने की 10 तारीख को आ रही पेंशन


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Paritosh Shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >