India Pakistan War: पटना एयरपोर्ट पर विजिटर्स पास पर रोक, यात्रियों की होगी डबल चेकिंग

India Pakistan War: पटना एयरपोर्ट और शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है. किसी संभावित खतरे के मद्देनज़र शुक्रवार से यात्रियों की दोहरी जांच शुरू हो गई है, वहीं होटलों से लेकर धार्मिक स्थलों तक सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है.

India Pakistan War: पटना एयरपोर्ट और पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व रूप से कड़ा कर दिया गया है. किसी अनहोनी की आशंका को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है. शुक्रवार से एयरपोर्ट पर यात्रा करने वालों को अब दोहरी जांच से गुजरना होगा. यात्रियों का हैंड बैगेज पहले की तरह सीआईएसएफ द्वारा जांचा जाएगा, वहीं बोर्डिंग से पहले एक और बार बैगेज की चेकिंग की जाएगी. हालांकि, चेक-इन लगेज की जांच में कोई बदलाव नहीं किया गया है. वहीं दरभंगा एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले यात्रियों से अपील की गई है कि समय से 3 घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचे.

विजिटर्स पास पर रोक, जवानों की छुट्टी रद्द

18 मई तक के लिए विजिटर्स पास जारी करने पर रोक लगा दी गई है. सीआईएसएफ जवानों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं, और छुट्टी पर गए जवानों को 24 घंटे में ड्यूटी पर लौटने का निर्देश दिया गया है. एयरपोर्ट परिसर में दिन-रात गश्त बढ़ा दी गई है और हर 30 मिनट पर डॉग स्क्वॉड द्वारा तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. बम निरोधक दस्ते और सीसीटीवी की निगरानी भी तेज़ कर दी गई है.

होटलों पर पुलिस की नजर, रातभर चली छापेमारी

पटना के प्रमुख थाना क्षेत्रों कोतवाली, गांधी मैदान, कंकड़बाग, जक्कनपुर और पत्रकार नगर में देर रात तक होटलों में छापेमारी हुई. पुलिस ने होटलों में ठहरे लोगों की पूरी जानकारी जुटाई और होटल प्रबंधकों को निर्देश दिया कि सभी मेहमानों का पहचान विवरण दर्ज करना अनिवार्य है. शहर की सीमाओं पर भी जांच बढ़ा दी गई है और वाहनों की तलाशी के साथ यात्रियों से पूछताछ की जा रही है.

धार्मिक और पर्यटन स्थलों की सुरक्षा भी कड़ी

महावीर मंदिर, तख्त श्री हरिमंदिर साहिब, मनेर शरीफ, बुद्ध स्मृति पार्क, गोलघर, इको पार्क समेत सभी प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और अधिकारियों को नियमित रूप से इन स्थलों की निगरानी का आदेश दिया गया है.

एसएसपी अवकाश कुमार ने क्या बताया?

एसएसपी अवकाश कुमार ने बताया कि पटना में विशेष सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी. सुरक्षा एजेंसियों के समन्वय से पूरे शहर में सुरक्षा का अभेद कवच खड़ा किया गया है.

Also Read: पीएम मोदी मुझे जंग में जाने की इजाजत दें…, भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच तेज प्रताप यादव ने सीमा पर लड़ने की जताई इच्छा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >