IIT पटना पर 9 करोड़ का होल्डिंग टैक्स बकाया, बिहटा नगर परिषद के सफाई एजेंसी के 3 महीने से भुगतान भी अटके

बिहटा नगर परिषद भारी आर्थिक तंगी से जूझ रही है, जिसका मुख्य कारण IIT पटना पर 9 करोड़ रुपये का होल्डिंग टैक्स बकाया होना है. इस वित्तीय संकट के कारण सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है और विकास कार्यों के भुगतान भी अटके हुए हैं.

Patna News : पटना जिला के बिहटा नगर परिषद इन दिनों गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रही है. एक ओर कर्मचारियों और सफाई व्यवस्था के भुगतान के लिए परिषद के पास पर्याप्त राशि नहीं है, तो दूसरी ओर बड़े बकायेदारों से राजस्व की वसूली नहीं होने से वित्तीय स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है. नगर परिषद के अनुसार, आईआईटी पटना पर करीब नौ करोड़ रुपये का होल्डिंग टैक्स बकाया है. इतनी बड़ी राशि लंबित रहने से परिषद के सामने आर्थिक संकट और गहरा गया है.

करोड़ों का बकाया, भुगतान के लिए परिषद पर बढ़ रहा दबाव

नगर परिषद के सामने सबसे बड़ी चुनौती बकाया राशि की वसूली है. सफाई एजेंसी का करीब तीन महीने का भुगतान लंबित है. राशि के अभाव में सफाई व्यवस्था भी प्रभावित होने के कगार पर पहुंच गयी है. वहीं, स्ट्रीट लाइट लगाने वाली एजेंसी का करीब तीन करोड़ रुपये और विभिन्न योजनाओं का काम पूरा होने के बाद करीब 6.5 करोड़ रुपये का भुगतान भी लंबित है.

ब्याज जुड़ने से बढ़ता गया IIT का बकाया

नगर परिषद की बैठकों में जुलाई 2026 में आईआईटी पटना से बकाया होल्डिंग टैक्स की वसूली का मुद्दा उठाया गया था. इससे पहले 5 जून 2025 को परिषद की ओर से आईआईटी पटना के निदेशक और कुलसचिव को पत्र भेजकर बकाया राशि के भुगतान की जानकारी दी गयी थी. पत्र में भुगतान में देरी होने पर प्रतिमाह 1.5 प्रतिशत ब्याज लगाए जाने की बात कही गयी थी. परिषद के अनुसार, ब्याज जुड़ने के कारण बकाया राशि बढ़ती गयी और अब यह करीब नौ करोड़ रुपये तक पहुंच गयी है.


नगर परिषद बिहटा द्वारा निर्गत पत्र

भुगतान अटकने से विकास कार्यों पर भी असर

नगर परिषद के पास राशि की कमी का असर अब नागरिक सुविधाओं और विकास कार्यों पर भी दिखाई देने लगा है. सफाई एजेंसी को तीन महीने से भुगतान नहीं होने के कारण सफाई व्यवस्था पर संकट की स्थिति बन रही है. वहीं, स्ट्रीट लाइट एजेंसी का करीब तीन करोड़ रुपये बकाया होने से काम प्रभावित हो रहा है. विभिन्न योजनाओं का काम पूरा होने के बाद भी करीब 6.5 करोड़ रुपये के बिल लंबित हैं.

बकाया वसूली बनी नगर परिषद के लिए बड़ी चुनौती

नगर परिषद के सामने एक तरफ करोड़ों रुपये के होल्डिंग टैक्स की वसूली की चुनौती है, तो दूसरी तरफ सफाई, स्ट्रीट लाइट और विकास योजनाओं के भुगतान का दबाव बढ़ता जा रहा है. ऐसे में आईआईटी पटना से करीब नौ करोड़ रुपये के बकाया होल्डिंग टैक्स की वसूली परिषद की आर्थिक स्थिति को संभालने के लिए अहम मानी जा रही है.

नगर परिषद पदाधिकारी ने क्या बताया?

नगर परिषद के पदाधिकारी गुरु शरण ने कहा कि आईआईटी पटना पर बकाया होल्डिंग टैक्स की राशि की वसूली के लिए लगातार पत्राचार किया जा रहा है. बकाया राशि मिलने से परिषद की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और सफाई, स्ट्रीट लाइट समेत विकास कार्यों के लंबित भुगतान में मदद मिलेगी.

Also Read : तिरंगे के साथ राजभवन मार्च पर तेजस्वी यादव को गिरिराज सिंह का तंज, पूछा- किस रंग के झंडे आ गए ?



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मोनु कुमार मिश्रा

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >