Patna News: पटना में 16 जुलाई को बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद की ओर से भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी. रथयात्रा की शुरुआत गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी से होगी. इस धार्मिक आयोजन का शुभारंभ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे. रथयात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और श्रीराधा कुंज बिहारी मठ के संत-महात्मा इसकी व्यवस्था में जुटे हुए हैं.
जगन्नाथपुरी से आया भगवान का विग्रह
रथयात्रा के लिए भगवान जगन्नाथ, बलदेव और माता सुभद्रा के काष्ठ विग्रह सीधे जगन्नाथपुरी से मंगाए गए हैं. वहीं, श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनने वाला 40 फीट ऊंचा हाइड्रोलिक रथ बेगूसराय से लाया गया है.
14 और 15 जुलाई को होगी जगन्नाथ महाकथा
रथयात्रा से पहले 14 और 15 जुलाई को प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी में भगवान जगन्नाथ की महाकथा का आयोजन होगा. कथा का वाचन परमपूज्य भक्ति प्रमोद भागवत स्वामी महाराज करेंगे.
16 जुलाई को दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक विशेष जगन्नाथ महाकथा का भी आयोजन किया जाएगा.
इन मार्गों से होकर गुजरेगी रथयात्रा
भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी से शुरू होकर मीठापुर, अनिसाबाद, कच्ची तालाब और बेऊर मोड़ होते हुए वापस गर्दनीबाग पहुंचेगी. यहां भगवान की आरती के बाद छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा और श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन होगा.
कीर्तन मंडली और मृदंग वादन रहेगा आकर्षण
इस वर्ष रथयात्रा में पश्चिम बंगाल के मायापुर से मृदंग वादक और वृंदावन की प्रसिद्ध कीर्तन मंडली विशेष प्रस्तुति देगी. धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है.
पटना जंक्शन से श्रद्धालुओं ने शुरू की यात्रा
जय बाबा अमरनाथ बर्फानी संघ, पटना (बिहार) के तत्वावधान में शनिवार को पटना जंक्शन से अर्चना एक्सप्रेस के माध्यम से 525 श्रद्धालुओं का जत्था बाबा अमरनाथ के दर्शन के लिए रवाना हुआ. यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने जय बाबा बर्फानी के जयकारे लगाए और सुरक्षित यात्रा की कामना की.
1998 से लगातार करा रहा है अमरनाथ यात्रा
संघ के नेतृत्वकर्ता रावेश कुमार ने बताया कि संस्था वर्ष 1998 से लगातार श्रद्धालुओं को अमरनाथ यात्रा पर ले जा रही है. हर वर्ष यात्रा के दौरान विशाल भंडारे का आयोजन किया जाता है, जिससे श्रद्धालुओं को भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं.
ALSO READ: अपहरण के कुछ घंटों में ही हुई बंटी की हत्या, पांच दिन तक तलाशती रही SIT, जानिए कैसे खुला राज
