Patna Crime News : दीघा थाना क्षेत्र के बांसकोठी इलाके में गैस रिपेयरिंग एवं वेल्डिंग दुकान संचालक 45 वर्षीय सुरेंद्र साव की हत्या के मामले में पुलिस ने उनके छोटे भाई निरंजन साव, उसकी पत्नी कंचन देवी और पड़ोसी अशोक कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. परिजनों के बयान पर दर्ज मामले की जांच शुरू कर दी गई है. फिलहाल किसी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई है.
जमीन विवाद को बताया हत्या की वजह
मृतक के परिजनों ने बताया कि पुश्तैनी पांच धूर जमीन और मकान को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था. करीब 16 लाख रुपये मूल्य की इस संपत्ति को लेकर मामला न्यायालय में लंबित है. परिजनों के अनुसार, शनिवार को इसी मामले में जवाब दाखिल होना था, लेकिन उससे पहले ही सुरेंद्र साव की हत्या कर दी गई.
पहले भी हो चुका था जानलेवा हमला
परिजनों ने बताया कि सुरेंद्र साव ने वर्ष 2022 में भी अपने छोटे भाई निरंजन साव और उसकी पत्नी कंचन देवी पर चाकू से हमला करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था. उस घटना में सुरेंद्र के कान में गंभीर चोट आई थी और पुलिस ने उस समय भी कानूनी कार्रवाई की थी.
गिरफ्तारी की मांग पर सड़क जाम
हत्या के विरोध में आक्रोशित लोगों ने शव के साथ पटना-दानापुर मार्ग को करीब 30 मिनट तक जाम कर दिया. इस दौरान दोनों लेन में वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. प्रदर्शनकारियों ने आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया.
दुकान पर मारी गई थी गोली
बताया गया कि शुक्रवार रात सुरेंद्र साव दीघा बांसकोठी स्थित अपनी गैस रिपेयरिंग एवं वेल्डिंग दुकान पर मौजूद थे. इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और उन्हें गोली मारकर फरार हो गए. गोली पेट में लगने के बाद उन्हें इलाज के लिए पाटलिपुत्र स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस कर रही मामले की जांच
दीघा थानाध्यक्ष ने बताया कि छोटे भाई निरंजन साव, उसकी पत्नी कंचन देवी और पड़ोसी अशोक कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
